Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बैंक कर्मचारी के घर से करीब 17 लाख के सोने चांदी के जेवर और नगदी उड़ायी

किच्छा। पुलभट्टा थाना अंतर्गत क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने घर में धावा बोलकर बैंक कर्मचारी के घर से करीब 17 लाख कीमत के सोने चांदी के जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के दौरान परिवार के सभी लोग घर में सो रहे थे। चोरों ने घर के पिछले दरवाजे से प्रवेश किया और घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस की टीम ने मौका मुआयना करते हुए घटना की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पुलभट्टा थाना अंतर्गत ग्राम बरा निवासी बैंक कर्मचारी ओमकार के घर पर देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। बताया जा रहा है कि ओमकार के घर पर पूरब पश्चिम दिशा में दो गेट लगे हुए हैं। बीती रात्रि परिवार के सभी लोग पूरब दिशा में बने कमरे तथा आंगन में सो रहे थे। इसी दौरान पश्चिम दिशा के दरवाजे का ताला तोड़कर अज्ञात चोर घर में घुसे और कमरे में रखी अलमारी का लॉकर तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। घटना को अंजाम देकर चोर मौके से फरार हो गए और परिजनों को भनक भी नहीं लगी। सुबह तड़के जब परिवार के लोग नींद से जागे, तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। सूचना पर बाद बरा पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दिनेश भट्टð पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और परिजनों से हुए नुकसान की जानकारी ली। पीड़ित ओमकार ने बताया कि अज्ञात चोरों ने अलमारी में रखे 7 तोला वजन के सोने के जेवर, करीब 1 किलो चांदी के जेवर सहित डायमंड की दो अंगूठी एवं करीब 40 हजार की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस टीम ने बारीकी से मौका मुआयना तथा जानकारी हासिल करते हुए घटना की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल कायम हो गया है।
बीएसएनएल केंद्र के स्टोर रूम का ताला तोड़कर हुई चोरी
किच्छा। कोतवाली अंतर्गत पुरानी गल्ला मंडी क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने देर रात्रि भारत संचार निगम के दूरभाष केंद्र के स्टोर रूम का ताला तोड़कर कीमती सामान चुरा लिया और मौके से फरार हो गए। बीएसएनएल कार्यालय प्रभारी संजीव चौहान की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कोतवाली पुलिस को दी शिकायत में कार्यालय प्रभारी संजीव चौहान ने बताया कि अज्ञात चोरों ने दूरभाष केंद्र के प्रथम तल पर बने स्टोर रूम का ताला तोड़कर करीब 40 मीटर केविल, मेटल बॉक्स, पावर प्लांट मॉडयूूल, मल्टीमीटर सहित अज्ञात कीमती सामान चुरा लिया। बताया कि सुबह जब कर्मचारी द्वारा कार्यालय खोला गया तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *