हाथी ने गंगापुर पटिया बीट में महिला को पटक-पटक कर मौत के घाट उतारा
पन्तनगर । पन्तनगर कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत टांडा रेंज के जंगलों में टस्कर हाथी का खौफ कम होने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले 72 घंटे के भीतर दो लोगों पर हमले के बाद अब हाथी ने गंगापुर पटिया बीट में एक महिला को पटक-पटक कर मौत के घाट उतार दिया। इस हृदय विदारक घटना से स्थानीय निवासियों में भारी दहशत व्याप्त हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक राजेश शुक्ला एवं प्रभागी वन अधिकारी उमेश चंद्र तिवारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार तराई केन्द्रीय वन प्रभाग की टांडा रेंज के अन्तर्गत शाह पठानी खत्ते के समीप गंगापुर पटिया बीट में झा कॉलोनी पन्तनगर निवासी तीन महिलाएं लकड़ी लेने गई थीं। इसी दौरान पन्तनगर की ओर जाने वाले रास्ते पर एक डेढ़ दांत वाले टस्कर हाथी ने अचानक महिलाओं पर हमला बोल दिया। जान बचाने के लिए जंगल की ओर भागने के दौरान हाथी ने 60 वर्षीय मैंना देवी पत्नी स्वर्गीय बाबू लाल को पीछा करके पकड़ लिया। हाथी ने महिला को सूंड से पटकने के बाद पांव से कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। साथ गई अन्य महिलाओं ने किसी तरह भागकर कॉलोनी पहुंचकर ग्रामीणों को आपबीती सुनाई। जब तक लोग मौके पर पहुंचे, महिला दम तोड़ चुकी थी और हाथी जंगल के भीतर जा चुका था। मृतका अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गई है। क्षेत्र में दो दिन के भीतर यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पूर्व इसी हाथी ने सांप पठानी क्षेत्र के एक खेत में सो रहे दो लोगों को जान से मार दिया था, जिनमें से एक की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। हाथी के लगातार हो रहे हमलों से वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। इधर घटना की सूचना पर पहुंचे किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी। उन्होंने प्रभागीय वन अधिकारी उमेश चंद्र तिवारी के माध्यम से सरकार की ओर से तत्काल अंतिम संस्कार हेतु 10 हजार रुपए की नकद सहायता प्रदान करवाई। राजेश शुक्ला ने परिवार को आश्वस्त किया कि वन्य जीव हमले में मौत पर मिलने वाली 10 लाख रुपए की संशोधित सहायता राशि भी जल्द दिलाई जाएगी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए रुद्रपुर भेज दिया है। इस दौरान टांडा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी रूप नारायण गौतम, पन्तनगर कोतवाली के उपनिरीक्षक दिनेश रावत सहित भारी संख्या में पुलिस और वनकर्मी मौजूद रहे।
