जंगल की आग बुझाते समय पहाड़ी से गिरकर फॉरेस्ट गार्ड की मौत
आग पर काबू पाने के बाद घर नहीं लौटा थ वन कर्मी , सुबह जंगल में मिला शव
पुरोला (उत्तरकाशी)। टौंस वन प्रभाग के ठड़ूग बीट में जंगल की आग बुझाने के दौरान एक फॉरेस्ट गार्ड की पहाड़ी से गिरने से मौत हो गई। गुरुवार सुबह जंगल में उनका शव मिलने के बाद वन विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की जानकारी मिलने पर विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। टौंस वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी डीपी बलूनी ने बताया कि बुधवार शाम ठड़ूग बीट के जंगल में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही मंजियाली निवासी फॉरेस्ट गार्ड सोहन सिंह रावत अपनी टीम के साथ आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचे। टीम ने काफी मशक्कत के बाद जंगल की आग पर काबू पा लिया। आग बुझाने के बाद अन्य वन कर्मी अपने अपने घर लौट गए, लेकिन सोहन सिंह रावत घर नहीं पहुंचे। देर रात तक उनके वापस नहीं आने पर परिजनों और वन विभाग को चिंता हुई, जिसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई। गुरुवार सुबह वन विभाग की टीम ने जंगल क्षेत्र में खोजबीन की, जहां सोहन सिंह रावत का शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि आग बुझाने के दौरान वह पहाड़ी से फिसलकर गहरी खाई में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। वन विभाग ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। इस दुखद हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
