फर्जी शस्त्र लाइसेंस गिरोह में एक और आरोपी गिरफ्तार
एसटीएफ ने पिस्टल, रायफल, कारतूस और कूटरचित लाइसेंस किए बरामद, अब तक 11 आरोपी गिरफ्त में
काशीपुर (उद संवाददाता)। कूटरचित शस्त्र लाइसेंस के आधार पर अवैध हथियार रखने के मामले में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल, एक रायफल, 17 कारतूस, कूटरचित शस्त्र लाइसेंस और फर्जी आधार कार्ड बरामद किया गया है। मामले में अब तक कुल 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। एसटीएफ के अनुसार चार जून को काशीपुर कोतवाली में कूटरचित शस्त्र लाइसेंस के आधार पर अवैध हथियार रखने के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके बाद से एसटीएफ लगातार गिरोह के सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इससे पहले 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 16 अवैध शस्त्र, 358 कारतूस तथा बड़ी संख्या में संदिग्ध और फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए जा चुके हैं। इसी क्रम में एसटीएफ ने कुंडा थाना क्षेत्र के सरवरखेड़ा निवासी दानिश उर्फ दानू पुत्र मोहम्मद अलीम उर्फ छुट्टðन को उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर एक 30 बोर सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, एक 315 बोर सेमी ऑटोमैटिक रायफल, 315 बोर के 10 जिंदा कारतूस तथा 30 बोर के सात जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा आरोपी के कब्जे से शाहजहांपुर जनपद से संबंधित एक कूटरचित शस्त्र लाइसेंस तथा फर्जी आधार कार्ड भी बरामद हुआ है। एसटीएफ मामले में फर्जी लाइसेंस तैयार करने वाले नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में एसटीएफ के निरीक्षक अरुण कुमार, उपनिरीक्षक सत्येन्द्र गंगोला, मुख्य आरक्षी सुरेन्द्र सिंह सामन्त, आरक्षी रवि बोरा तथा काशीपुर पुलिस के उपनिरीक्षक हेम चन्द्र तिवारी, मुख्य आरक्षी प्रमोद कुमार और महिला आरक्षी वंदना शामिल रहे।
