विकास योजनाओं के लिए 74 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति
देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं के विकास, आपदा से क्षतिग्रस्त प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों की मरम्मत, शासकीय आवासीय भवनों के निर्माण, गांवों और कार्यालयों के बाढ़ सुरक्षा कार्य, क्षतिग्रस्त मार्गों के पुनर्निर्माण, आपदा बचाव और हेलीपैड निर्माण समेत विभिन्न कार्यों के लिए 74 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री ने बागेश्वर जिले के बेड़ा मझड़ा करीमपुर में हेलीपैड निर्माण के लिए 8.91 करोड़ रुपये, गंगोत्री धाम में सीवर लाइन और छूटे हुए घरों व सार्वजनिक शौचालयों से संबंधित कार्यों के लिए 4.99 करोड़ रुपये तथा अभियोजन कार्यालय में अभियोजन अधिष्ठान के अंतर्गत अवशेष धनराशि के लिए 8.89 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। आपदा के मद्देनजर विद्यालय परिसरों में विद्यार्थियों और कार्मिकों की सुरक्षा तथा शिक्षण कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के लिए माध्यमिक शिक्षा के अंतर्गत संचालित विद्यालयों हेतु 15 करोड़ रुपये और प्रारंभिक शिक्षा के अंतर्गत संचालित विद्यालयों के लिए 15 करोड़ रुपये, कुल 30 करोड़ रुपये राज्य आपदा मोचन निधि से पुनर्प्राप्ति एवं पुनर्निर्माण के लिए स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा उत्तरकाशी, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चमोली, चंपावत, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और देहरादून जिलों के लिए राहत एवं बचाव, पुनर्प्राप्ति एवं पुनर्निर्माण तथा तैयारी एवं क्षमता निर्माण के विभिन्न मदों में 1.08 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा विकासखंड के सात गांवों में आवासीय भवनों को नदी और नालों की बाढ़ से सुरक्षा के लिए 4.01 करोड़ रुपये तथा भारत नेपाल सीमा पर जगबूढ़ा नदी के दायें पार्श्व में स्थित सिसैया, मेलाघाट गांव और एसएसबी कैंप कार्यालय की बाढ़ सुरक्षा के लिए 4.62 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी गई है। चमोली जिले में वित्तीय वर्ष 2024 25 एवं वर्ष 2021 से पूर्व खुले संपर्क के तहत आपदा से क्षतिग्रस्त मार्गों को खोलने और मलबा हटाने में उपयोग की गई जेसीबी और पोकलैंड मशीनों के बिलों के भुगतान के लिए राज्य आपदा मोचन निधि के राहत एवं बचाव मद से 3.18 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। नगर पालिका परिषद हरबर्टपुर क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट परियोजना के लिए 3.27 करोड़ रुपये की धनराशि भी मंजूर की गई है। भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली के उपकरणों के रखरखाव के लिए दो करोड़ रुपये, सैटेलाइट फोन के रिचार्ज के लिए 1.90 करोड़ रुपये, विश्व बैंक सहायतित परियोजना के तहत जनपदों में स्थापित उपकरणों के रखरखाव और मानदेय तथा जोशीमठ भूस्खलन नियंत्रण कक्ष में तैनात विशेषज्ञों के मानदेय के लिए 40 लाख रुपये, विभिन्न मॉक अभ्यासों के आयोजन के लिए 60 लाख रुपये तथा प्राधिकरण में तैनात ईईआरएस कार्मिकों के मानदेय के लिए 18 लाख रुपये राज्य आपदा मोचन निधि के क्षमता विकास मद से स्वीकृत किए गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा क्षेत्र चौबट्टðाखाल के अंतर्गत चलकुडिया मसमोली नौखोली मोटर मार्ग का नाम शहीद मंदीप सिंह नेगी मोटर मार्ग किए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है।
