दूसरे दिन भी कलैक्ट्रेट गेट पर डटे रहे किसान,कांग्रेस नेताओं ने भी दिया समर्थन
मांगों को लेकर रोषित किसानों ने धरना प्रदर्शन कर सरकार को चेताया
रूद्रपुर (उद संवाददाता)। भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले विभिन्न मांगों को लेकर जनपद भर से आये किसानों ने आज शुक्रवार को भी लगातार दूसरे दिन राष्ट्रीय मार्ग के किनारे कलैक्ट्रेट गेट पर बूंदाबांदी के बीच अपना धरना प्रदर्शन जारी रखा। इस दौरान रोषित किसानों ने प्रदेश सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए अपनी मांगों को लेकर शासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी भी की। धरना स्थल पर आयोजित सभा को सम्बोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भाजपा ने प्रदेश में सत्ता की बागडोर सम्भालने से पूर्व अपने चुनावी घोषणापत्र में राज्य के किसानों से जो वायदे किये थे उनमें कोई भी वायदा पूरा नहीं कर किसानों के साथ धोखा किया है। जबकि भाजपा सरकार का वर्तमान कार्यकाल लगभग पूरा होने को है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने घोषणापत्र में कहा था कि राज्य के किसानों का ट्यूबवैल शुल्क व कर्जा माफ किया जायेगा, घरों का 300 यूनिट तक विद्युत बिल माफ किया जायेगा, वर्ग चार की भूमि पर नियमानुसार मालिकाना हक प्रदान किया जायेगा, बकाया फसल मूल्य भुगतान समय पर किया जायेगा। इसके अलावा भी किसानों के हित में कई वायदे किये गये थे। वक्ताओं ने कहा कि किसानों ने भाजपा पर विश्वास कर उसे सरकार की बागडोर सम्भालने में मदद की। परंतु अभी तक सरकार ने किसानों से किया कोई भी वायदा पूरा नहीं किया जबकि सरकार का कार्यकाल समाप्त होने में ज्यादा समय नहीं बचा है। वक्ताओं ने कहा कि देश की सीमाओं पर तैनात फौजियों जिनमें किसानों के बेटे भी शामिल हैं की पेंशन समाप्त की जा रही है। वहीं दूसरी ओर विधायकों व सांसदों की पेंशन व अन्य सुविधायें लगातार बढ़ती जा रही हैं। वक्ताओं ने कहा कि सरकार वर्षों से जय जवान जय किसान का नारा देती रही है। जवान देश की रक्षा करता है और किसान देशवासियों को अन्न प्रदान करता है। देश के लिए दोनों ही महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि तीन तक चलने वाले किसानों के आन्दोलन का आज दूसरा दिन है। यदि सरकार उनकी सभी मांगों को पूरा कर अपने चुनावी घोषण पत्र में किसानों से किये वायदे को पूरा कर देगी तो वह अपना आन्दोलन आज ही समाप्त कर देंगे। परंतु यदि मांगें नहीं मानी तो आन्दोलन को और तेज कर दिया जायेगा। सभा को जगतार सिंह बाजवा, विक्की रंधावा, गुरसेवक सिंह, प्रेम सहोता, दर्शन सिंह सहित कई किसानों ने सम्बोधित किया। इस र्दाैरान किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़, उपनेता प्रतिपक्ष व विधायक भुवन कापड़ी, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, विक्रम सिंह, हरविन्दर सिंह, रतन बाजवा, ्रप्रथपाल सिंह, रणजीत सिंह, अंग्रेज सिंह, बेअंत सिंह, जागीर सिंह, हरदेव सिंह, अशोक सेठी, राजेन्द्र सिंह मक्कड़, हरभजन सिंह लाहोरिया, सेवक सिंह, मुकेश भुसरी, टीका सिंह सैनी, कल्याण सिंह, मेजर सिंह, मंजीत सिंह, हरमेज सिंह, प्रभजीत सिंह, कश्मीर सिंह, अमरीक सिंह, अमित यादव, गुरविन्दर सिंह, गुलाब सिंह, हरदयाल सिंह, गुरविन्दर सिंह, शेर सिंह, मनोज कुमार, बलबीर सिंह, अवतार सिंह, अमरीक सिंह, राजू सीना, प्रभजोत सिंह, हरजीत सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में किसान मौजूद रहे।
