टिहरी में भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत,अंतिम संस्कार में शामिल होकर हरिद्वार से वापस आ रहे थे
टिहरी । टिहरी में चंबा-कोटीकॉलोनी मार्ग पर नैल के समीप एक वाहन खाई में गिर गया। वाहन में आठ लोग सवार थे। इस दौरान आठों की मौके पर मौत हो गई। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार सभी लोग घनसाली के चांजी, ठेला और चकरेडा गांव के थे, जो किसी के अंतिम संस्कार में शामिल होने हरिद्वार गए थे और वापस आ रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही थाना चंबा पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। यूटिलिटी वाहन ऋषिकेश से घनसाली की ओर जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ।पुलिस ने बताया कि दुर्घटना गुरुवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुई। थाना चंबा क्षेत्र के चंबा-कोटी कालोनी मार्ग पर नैल के पास एक यूटिलिटी वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। इस हादसे में आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, दो लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने दो लोगों को खाई से बाहर निकाला। जिनमें एक को हल्की चोटें आई हैं। वहीं, एक घायल की पहचान उत्तम कुमार (30 वर्ष) पुत्र पुसु के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वाहन में 10 लोग सवार थे। अभी मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है।जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट के अनुसार, टिहरी से दो और छाम से एक एंबुलेंस मौके के लिए रवाना की गई हैं। पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं।
