Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बीएससी की छात्रा का फंदे से लटका मिला शव

स्टाफ हाउस क्षेत्र में घटना से सनसनी,पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
नैनीताल (उद संवाददाता)। शहर के स्टाफ हाउस क्षेत्र में एक बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। लगभग 20 वर्षीय छात्र का शव कमरे के भीतर फंदे से लटका मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और परिजनों में शोक का माहौल छा गया। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह छात्रा ने काफी देर तक अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोला, जिससे आसपास के लोगों और पड़ोसियों को चिंता हुई। कई बार आवाज लगाने के बावजूद जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो पड़ोसियों ने दरवाजा खोलकर अंदर देखा। कमरे के भीतर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए, जहां छात्रा का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य एकत्र किए। कोतवाल हेम चन्द्र पंत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है, साथ ही छात्रा के मोबाइल और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके। बताया जा रहा है कि छात्रा नैनीताल स्थित डीएसबी परिसर से बीएससी की पढ़ाई कर रही थी और पढ़ाई में मेधावी रही थी। प्रारंभिक जानकारी में उसके मानसिक तनाव में होने की बात भी सामने आई है, हालांकि पुलिस ने इसे लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *