Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

तहसील दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 68 शिकायतें दर्ज

किच्छा । आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को राजीव गांधी कम्युनिटी हॉल में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में समाचार लिखे जाने तक विभिन्न विभागों से संबंधित 68 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए प्रेषित किया गया। प्रातः 11 बजे से शुरू हुए तहसील दिवस में राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य, नगर निकाय, विकास सहित विभिन्न विभागों के 61 अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों ने भूमि विवाद, सड़क निर्माण, जल निकासी, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि जनता की समस्याओं का समाधान समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से किया जाए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आम लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से तहसील दिवस जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहने दिया जाएगा। तहसील दिवस में विधायक तिलक राज बेहड़, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, उप जिलाधिकारी गौरव पांडे, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, गिरीश चंद्र त्रिपाठी, के.के. अग्रवाल, दीपक शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं को सुनकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। समाचार लिखे जाने तक तहसील दिवस की कार्यवाही जारी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *