पुलिस मुठभेड़ में चेन स्नैचर को लगी गोली
देहरादून (उद संवाददाता)। बसंत विहार क्षेत्र में देर रात हरबंसवाला बैरियर पर सघन चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। बिना नंबर प्लेट की स्कूटी सवार बदमाश ने पुलिस चेकिंग से बचने के लिए भागते हुए पीछा कर रही पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस के अनुसार हरबंसवाला बैरियर पर चेकिंग के दौरान टीम ने बिना नंबर प्लेट की स्कूटी सवार युवक को रोकने का प्रयास किया। युवक चेकिंग प्वाइंट पर नहीं रुका और स्कूटी लेकर टी स्टेट की ओर तेजी से भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। इसी दौरान युवक ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में हुई मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से वह घायल हो गया और पुलिस ने उसे दबोच लिया। घायल बदमाश को तत्काल प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर भी घटना की जानकारी ली। घटनास्थल पर एफएसएल टीम ने पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी भी बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार स्कूटी कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी की गई थी। पुलिस ने 14 अगस्त को बसंत विहार क्षेत्र में वृद्ध महिला से हुई चेन स्नैचिंग की वारदात में लूटी गई चेन बरामद करने का भी दावा किया है। गिरफ्तार घायल बदमाश की पहचान आकाश उर्फ तमंचा पुत्र जगदीश लाल, निवासी शिवाजी एन्क्लेव, जैन प्लॉट, थाना रायपुर, देहरादून, उम्र 27 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध बसंत विहार थाने में चेन स्नैचिंग के मामले समेत एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास के साथ बरामद हथियार और स्कूटी के संबंध में जांच कर रही है। चेन स्नैचिंग की घटना में उसकी भूमिका तथा अन्य आपराधिक मामलों में संभावित संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।
