Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

पीसीएस 2024 परीक्षा में 182 पदों पर अभ्यर्थियों का हुआ चयन: रुद्रपुर की जसमीत कौर ने किया टॉप

हल्द्वानी की वर्षा जोशी ने दूसरा स्थान हासिल किया
रुद्रपुर । उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने सम्मिलित राज्य सिविल एवं प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा 2024 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। मुख्य परीक्षा, साक्षात्कार, शारीरिक दक्षता परीक्षा और चिकित्सीय परीक्षण के बाद विभिन्न विभागों के कुल 182 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में रुद्रपुर की जसमीत कौर पाहवा ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर ऊधमसिंह नगर का नाम रोशन किया है। जबकि हल्द्वानी की वर्षा जोशी ने दूसरा स्थान हासिल किया है। पीसीएस 2024 के परिणाम में महिलाओं का दबदबा देखने को मिला है। डिप्टी कलेक्टर के नौ पदों में से चार पदों पर महिलाओं ने सफलता हासिल की है। वहीं पुलिस उपाधीक्षक पद पर चयनित 10 अभ्यर्थियों में पांच महिलाएं शामिल हैं। अन्य महत्वपूर्ण संवर्गों में भी महिला अभ्यर्थियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। आयोग की ओर से जारी चयन सूची के अनुसार डिप्टी कलेक्टर पद पर जसमीत कौर पाहवा, वर्षा जोशी, आशुतोष नौटियाल, अमित चंद्र द्विवेदी, मीनाक्षी भाटिया, फराज मियां, विरल शर्मा,उज्ज्वल डालाकोटी और काजल सैनी का चयन हुआ है। पुलिस उपाधीक्षक पद पर अदिति पुनेठा, ऐश्वर्या भट्ट, मनीष चंद्र रमोला, संदीप कुमार सिंह पटेल, शताक्षी शर्मा, सक्षम, गोविंद पांडेय, हिमांशु दिवाकर, श्रेया सिंह और प्रकृति नेगी चयनित हुए हैं। जिला कमांडेंट होमगार्ड के पद पर अरुणिमा रावत, पार्थ पांडेय, नागेश शुक्ला, मनमोहन गुसाईं और प्रियंका पांडेय ने सफलता प्राप्त की है। इसके अलावा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, कार्याधिकारी जिला पंचायत, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, उप शिक्षा अधिकारी, स्टाफ ऑफिसर, विधि अधिकारी, परिवीक्षा अधिकारी, वित्त अधिकारी एवं कोषाधिकारी, सहायक आयुक्त राज्यकर, राज्य कर अधिकारी तथा सहायक नगर आयुक्त एवं अधिशासी अधिकारी सहित विभिन्न संवर्गों के पदों पर भी अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली जसमीत कौर पाहवा वर्तमान में बागेश्वर में जिला समाज कल्याण अधिकारी के पद पर तैनात हैं। इससे पहले भी उन्होंने पीसीएस परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी पद के लिए शीर्ष रैंक हासिल की थी। प्रशिक्षण अवधि के दौरान ही उन्होंने एक बार फिर पीसीएस परीक्षा दी और इस बार पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर नई उपलब्धि अपने नाम कर रुद्रपुर की वसुंधरा पॉम हाउस कॉलोनी निवासी जसमीत कौर के पिता जसवंत सिंह पाहवा व्यवसायी हैं, जबकि माता मनप्रीत कौर गृहिणी हैं। उनके दो भाई हैं, जिनमें एक इंजीनियर हैं और दूसरे ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता विषय में डिग्री प्राप्त की है। जसमीत ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा रुद्रपुर के आरएएन पब्लिक स्कूल से प्राप्त की तथा इंटरमीडिएट की पढ़ाई होली चाइल्ड स्कूल से पूरी की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से इतिहास विषय में स्नातक किया। अपनी सफलता का श्रेय निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास को देते हुए जसमीत ने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास लगातार जारी रहें तो सफलता अवश्य मिलती है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *