कैबिनेट मंत्री कैड़ा ने किया तीन मोटर मार्गों के डामरीकरण कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास
भीमताल । भीमताल विधानसभा क्षेत्र में खराब सड़कों से जूझ रहे ग्रामीणों और पर्यटकों को बड़ी राहत मिली है। कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा ने भीमताल ब्लॉक के अंतर्गत तीन मोटर मार्गों पर डामरीकरण और सुधारीकरण कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। तल्लीताल से भीमेश्वर मोटर मार्ग और चंदादेवी से हरीनगर मोटर मार्ग की हालत लंबे समय से खराब थी, जिससे ग्रामीणों, किसानों और पर्यटकों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर बरसात के दौरान स्थिति और अधिक खराब हो जाती थी। स्थानीय लोगों ने इन मार्गों के सुधारीकरण की मांग मंत्री से की थी।जनता की समस्याओं को देखते हुए राम सिंह कैड़ा ने तल्लीताल से भीमेश्वर मोटर मार्ग के डामरीकरण और सुधारीकरण के लिए 1 करोड़ 4 लाख, चंदादेवी से हरीनगर मोटर मार्ग के लिए 59 लाख और विनायक क्षेत्र में टाइल निर्माण और सौंदर्यीकरण के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत कराए थे। कुल 1 करोड़ 68 लाख की लागत से इन कार्यों को स्वीकृति मिलने के बाद अब इनका लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है।इस अवसर पर मंत्री ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त सड़कों के डामरीकरण का कार्य लगातार कराया जा रहा है, जिससे लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की जनता ने मंत्री का फूल मालाओं और ढोल नगाड़ों के साथ स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है और विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
