September 8, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

खाई में मिला व्यापारी का शव

पानीवाला बैंड के पास क्षतिग्रस्त सड़क के नीचे 200 मीटर गहरी खाई में पड़ा था शव, कार से शराब की आधी बोतल, पर्स और मोबाइल बरामद
देहरादून (उद संवाददाता)। देहरादून मसूरी मार्ग पर पानीवाला बैंड के पास मंगलवार सुबह सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के नीचे गहरी खाई में एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव सड़क से करीब 200 मीटर नीचे नदी के समीप पड़ा था। सूचना पर पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को खाई से बाहर निकाला। मृतक की पहचान क्रॉस रोड, देहरादून निवासी व्यापारी अजय कुमार कोहली पुत्र देवेंद्र कुमार कोहली के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस के मुताबिक मंगलवार सुबह करीब 8ः30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि देहरादून मसूरी मार्ग पर पानीवाला बैंड के निकट सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के पास एक कार खड़ी है। कार के नीचे की ओर गहरी खाई में एक व्यक्ति का शव दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने खाई में उतरकर शव को कब्जे में लिया। मौके पर मृतक की पहचान अजय कुमार कोहली के रूप में हुई। सूचना मिलने पर उनके परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि अजय मंगलवार सुबह करीब सात बजे घर से मसूरी घूमने के लिए निकले थे। वह सड़क से नीचे किस तरह गिरे और घटना के पीछे क्या कारण रहा, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस को मौके पर सड़क पर एक कार भी खड़ी मिली। कार के अंदर से शराब की आधी बोतल, पर्स और मोबाइल फोन बरामद हुआ। एसएसआई सतेंद्र भाटी ने बताया कि शव को खाई से बाहर निकालकर पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस घटनास्थल से मिले सामान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। हादसा कैसे हुआ और अजय सड़क से नीचे किस परिस्थिति में गिरे, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *