October 22, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सड़क हादसे में ब्रिटानिया कम्पनी श्रमिक की मौत

डंपर की टक्कर से युवती की दर्दनाक मौत,पिता गंभीर

रूद्रपुर (उद संवाददाता)। गुरूवार को प्रातः साईकिल पर सवार होकर ड्यूटी को जा रहे ब्रिटानिया कम्पनी के श्रमिक को अटरिया रोड़ पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मामले की सूचना मिलने पर कम्पनी परिसर में शोक की लहर व्याप्त हो गई। जानकारी के अनुसार मूलरूप से गदरपुर वार्ड एक निवासी 43 वर्षीय हस्ता सिंह पुत्र रामपाल सिंह पिछले करीब बीस वर्षों से सिडकुल स्थित ब्रिटानिया कम्पनी में काम करता था और मौहल्ला जगतपुरा में किरायेदार के रूप में रहता था। बताया जाता है कि हस्ता सिंह सुबह की शिफ्ट में काम करने के लिए प्रातः लगभग 6 बजे कमरे से साईकिल पर सवार होकर निकला। जब वह अटरिया रोड़ पर पुलिस लाईन गेट के पास पहुंचा तो इसी दौरान तेज गति से जाते अज्ञात वाहन चालक ने उसकी साईकिल को जोर से टक्कर मार दी। जिससे हस्ता सिंह साईकिल से सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं वाहन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना के बाद वहां लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर आ पहुंचे और उन्होंने घायल श्रमिक को उपचार के जिला चिकित्सालय पहुंचाया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोेस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक के पास से मिले पहचान पत्र से उसकी शिनाख्त की गई। घटना की जानकारी मिलने पर कम्पनी से कई अधिकारी व श्रमिक पोस्टमार्टम हाऊस आ पहुंचे। बताया जाता है कि मृतक की पत्नी, 20वर्षीय पुत्र संजू सिंह व 18 वर्षीय पुत्री कशिश है जो घटना की सूचना मिलने पर आ गये और उनमें कोहराम मच गया। पुलिस का कहना है कि घटना की अभी तहरीर नहीं मिली है। घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

हल्दूचौड़ में नेशनल हाईवे पर गायत्री शक्तिपीठ के पास हादसा, दोपहिया वाहन में सवार थे पिता पुत्री

हल्दूचौड़ (उद संवाददाता)। नेशनल हाईवे पर हल्दूचौड़ स्थित गायत्री शक्तिपीठ के पास बुधवार को डंपर की चपेट में आने से दोपहिया वाहन सवार पिता पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता को गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। दोनों किच्छा क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिता पुत्री दोपहिया वाहन से हल्द्वानी से किच्छा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे डंपर ने उनके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में युवती की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी चिकित्सालय भेजा। समाचार लिखे जाने तक हादसे में मृत युवती और घायल पिता की पहचान तथा दुर्घटना के विवरण की पूरी जानकारी नहीं मिल सकी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *