Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दूसरे दिन सांसदों और विधायकों के साथ किया मंथन

देहरादून (उद संवाददाता)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास के दूसरे दिन सांसदों और विधायकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। बैठक के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक संगठन नहीं बल्कि राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ कार्य करने वाला परिवार है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना पार्टी कार्यकर्ताओं की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने, सरकार की उपलब्धियों को घर घर तक पहुंचाने और जनसमस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आ“वान किया। नितिन नवीन ने कहा कि उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और सरकार जनहित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार के बेहतर समन्वय से जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों, बूथ स्तर तक संगठन की मजबूती, जनसंपर्क अभियानों और युवाओं को पार्टी से जोड़ने को लेकर भी दिशा निर्देश दिए। साथ ही डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी की नीतियों और सरकार की योजनाओं को प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया। बैठक में प्रदेश के समग्र विकास, जन अपेक्षाओं की पूर्ति तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा सहित अनेक वरिष्ठ नेता, सांसद और विधायक मौजूद रहे। इससे पूर्व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बीसी खंडूड़ी के आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। इसके बाद उन्होंने राजपुर रोड स्थित एक होटल में संगठनात्मक बैठकों का सिलसिला शुरू किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश पदाधिकारियों, प्रदेश मोर्चा अध्यक्षों, महामंत्रियों, जिला प्रभारियों, सह प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ अलग बैठक कर संगठन विस्तार, बूथ स्तर की सक्रियता और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की। वहीं शाम चार बजे से महापौरों, नगर पालिका अध्यक्षों, नगर पंचायत अध्यक्षों, जिला पंचायत अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और ब्लॉक प्रमुखों के साथ बैठक प्रस्तावित है, जिसमें स्थानीय निकायों से जुड़े विषयों और संगठनात्मक समन्वय पर विचार विमर्श किया जाएगा। इसके बाद मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी विभाग और प्रदेश प्रवक्ताओं के साथ भी अलग बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में पार्टी की मीडिया रणनीति, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रियता और सरकार की योजनाओं व संगठन के संदेश को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने पर चर्चा होगी। अपने प्रवास के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शाम को ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन पहुंचेंगे, जहां वह गंगा आरती में सहभागिता करेंगे तथा संत समाज के साथ संवाद भी करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *