Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

चम्पावत गैंगरेप कांड पर रामनगर में फूटा गुस्सा

रामनगर (उद संवाददाता)। चम्पावत में नाबालिग किशोरी के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले की गूंज अब रामनगर तक पहुंच गई है। महिला सुरक्षा और इस जघन्य अपराध को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों ने लखनपुर चुंगी पर प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुतला दहन किया और आरोपियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग की। विरोध प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सुमित लोहनी ने कहा कि उत्तराखंड में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा लगातार खतरे में है। उन्होंने सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि यदि प्रदेश की मां-बहनें ही सुरक्षित नहीं हैं, तो ऐसे शासन और प्रशासन का कोई औचित्य नहीं रह जाता। लोहनी ने मांग की कि मामले में नामजद भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष को तत्काल पार्टी से बखार्स्त किया जाए और उसके खिलाफ बिना किसी राजनीतिक संरक्षण के सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। यूथ कांग्रेस ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में निष्पक्ष जांच नहीं हुई और पीड़िता को न्याय नहीं मिला, तो संगठन सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेगा। कार्यकर्ताओं ने साफ कहा कि महिला सुरक्षा के मुद्दे पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जब तक दोषियों को सजा नहीं मिल जाती, उनका संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में यूथ कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *