Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

अभिनेता प्रदीप रावत का निधन : खलनायक के दमदार अभिनय से बनाई अलग पहचान

अश्वत्थामा और ‘गजनी’, ‘लगान’ फिल्म उनके यादगार किरदारों में शामिल रही

मुंबई। हिंदी और दक्षिण भारतीय सिनेमा के जाने-माने अभिनेता प्रदीप रावत का 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके बिजनेस मैनेजर के अनुसार, वह पिछले करीब पांच वर्षों से ब्लड कैंसर से जूझ रहे थे। मंगलवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से फिल्म उद्योग में शोक की लहर है। करीब 150 फिल्मों में अपने दमदार अभिनय की छाप छोड़ने वाले प्रदीप रावत को आमिर खान अभिनीत फिल्म ‘गजनी’ में निभाए गए खलनायक के किरदार से व्यापक पहचान मिली थी। इसके अलावा ‘लगान’ में देवा सिंह सोढ़ी की भूमिका भी उनके यादगार किरदारों में शामिल रही।बुधवार को मुंबई में अभिनेता का अंतिम संस्कार किया गया। उनकी अंतिम यात्रा में अभिनेता रजा मुराद, अखिलेंद्र मिश्रा, टीवी अभिनेत्री रुहानिका धवन समेत परिवार के सदस्य, करीबी मित्र और फिल्म जगत से जुड़े कई लोग शामिल हुए।अंतिम यात्रा के लिए वाहन को फूलों से सजाया गया था और उस पर अभिनेता की तस्वीर के साथ भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। श्मशान घाट पर मौजूद लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

रजा मुराद बोले— प्रतिभा के अनुरूप नहीं मिला मुकाम

अभिनेता रजा मुराद ने प्रदीप रावत को याद करते हुए कहा कि वह बेहद प्रतिभाशाली कलाकार थे, लेकिन हिंदी सिनेमा में उन्हें उनकी काबिलियत के अनुरूप स्थान नहीं मिल सका। उन्होंने कहा कि दक्षिण भारतीय फिल्मों ने उनकी प्रतिभा को अधिक सम्मान और पहचान दी।अभिनेता अखिलेंद्र मिश्रा भी अंतिम यात्रा में भावुक नजर आए। प्रदीप रावत की तस्वीर देखकर उनकी आंखें नम हो गईं और उन्होंने दिवंगत अभिनेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।टीवी अभिनेत्री रुहानिका धवन ने भी अंतिम दर्शन किए और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।

फिल्म जगत ने सोशल मीडिया पर दी श्रद्धांजलि

अभिनेता यशपाल शर्मा ने सोशल मीडिया पर प्रदीप रावत के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा, “प्रदीप रावत, हमारे गजनी… ‘लगान’ के देवा को विनम्र श्रद्धांजलि।” उनकी इस पोस्ट के बाद फिल्म जगत और प्रशंसकों ने भी अभिनेता को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख ने फिल्म ‘सई’ से जुड़ी प्रदीप रावत की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि उनके शानदार अभिनय को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने उन्हें एक बेहतरीन कलाकार और प्रेरणादायक व्यक्तित्व बताया।

ठाकुर अनूप सिंह ने साझा की भावुक यादें

मराठी फिल्म ‘धर्मरक्षक महावीर छत्रपति संभाजी महाराज’ के अभिनेता ठाकुर अनूप सिंह ने भी सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि प्रदीप रावत जैसे महान कलाकार के साथ काम करना उनके लिए सौभाग्य की बात रही।अनूप सिंह ने बताया कि बचपन में उन्होंने प्रदीप रावत को अश्वत्थामा के किरदार में देखा था और बाद में ‘गजनी’ में उनके दमदार अभिनय के प्रशंसक बने। उन्होंने लिखा कि फिल्मों में उनके साथ काम करने के दौरान कैमरे के पीछे भी प्रदीप रावत हमेशा मार्गदर्शक रहे और जीवन की चुनौतियों से लड़ने की प्रेरणा देते रहे। उन्होंने कहा कि अभिनेता से जुड़ी यादें और सीख हमेशा उनके साथ रहेंगी। प्रदीप रावत ने हिंदी के साथ-साथ तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम फिल्मों में भी अपने अभिनय का लोहा मनवाया। खलनायक और सशक्त चरित्र भूमिकाओं में उनकी गहरी आवाज, प्रभावशाली व्यक्तित्व और दमदार स्क्रीन प्रेजेंस ने उन्हें फिल्म उद्योग का एक अलग मुकाम दिलाया। उनके निधन से भारतीय सिनेमा ने एक ऐसे अभिनेता को खो दिया है, जिसने अपने हर किरदार को जीवंत बनाकर दर्शकों के दिलों में स्थायी जगह बनाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *