उत्तराखंड राज्योत्सव में 15 विभूतियों को मिला उत्तराखंड गौरव सम्मान, अमित शाह और CM धामी ने किया सम्मानित
देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित राज्योत्सव समारोह में प्रदेश की 15 विशिष्ट विभूतियों को उत्तराखंड गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली इन हस्तियों को सम्मानित किया। इसके साथ ही साहसी बच्चों को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस वर्ष सम्मान के लिए शिक्षा, पत्रकारिता, समाजसेवा, संस्कृति और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 15 हस्तियों का चयन किया गया है। इनमें नैनीताल के वरिष्ठ पत्रकार एवं शिक्षाविद् डॉ. गिरीश रंजन तिवारी और रुद्रपुर के वरिष्ठ समाजसेवी कश्मीर सिंह का नाम भी शामिल है। दोनों के चयन से नैनीताल और रुद्रपुर क्षेत्र में खुशी की लहर है।
डॉ. गिरीश रंजन तिवारी का शिक्षा और पत्रकारिता में योगदान
नैनीताल निवासी डॉ. गिरीश रंजन तिवारी ने शिक्षा और पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। वह लंबे समय से इन दोनों क्षेत्रों में सक्रिय रहते हुए उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं।
डॉ. तिवारी को नैनीताल के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से विशेष लगाव रहा है। उन्होंने नैनीताल के गौरवशाली इतिहास को संरक्षित करने के उद्देश्य से एक पुस्तक भी लिखी है। इससे पहले भी उन्हें कई बार विभिन्न मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है।वह उत्तराखंड के वरिष्ठ अधिवक्ता डीके शर्मा के समधी भी हैं। शिक्षा और पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उत्तराखंड गौरव सम्मान के लिए उनका चयन क्षेत्र के लिए गौरव की बात माना जा रहा है।
समाजसेवा के लिए कश्मीर सिंह को मिला सम्मान
वहीं, रुद्रपुर निवासी वरिष्ठ समाजसेवी कश्मीर सिंह को सामाजिक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उत्तराखंड गौरव सम्मान से नवाजा गया।कश्मीर सिंह लंबे समय से समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय हैं। उन्होंने जरूरतमंद लोगों की सहायता और सामाजिक हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।हाल ही में उन्होंने समाजसेवा के उद्देश्य से अपनी बेशकीमती भूमि भी निशुल्क उपलब्ध कराई है। समाज के प्रति उनके समर्पण और सेवा भावना को देखते हुए उनका चयन इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए किया गया।
प्रदेश की प्रतिभाओं को मिला सम्मान
उत्तराखंड गौरव सम्मान प्रदेश की उन विभूतियों को दिया जाता है, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देकर राज्य का नाम रोशन किया है। राज्योत्सव समारोह में 15 विभूतियों और साहसी बच्चों का सम्मान प्रदेश की प्रतिभाओं, उपलब्धियों और सामाजिक योगदान को पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रहा।



