October 30, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

उत्तराखंड में पांच जिलों में भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

देहरादून । उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग ने बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल, चंपावत और चमोली जिलों में खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत के कुछ स्थानों पर भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, चमोली समेत अन्य क्षेत्रों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्रतार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।प्रदेश के शेष जिलों में भी कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा 3200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार दो नवंबर तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज इसी तरह बने रहने की संभावना है। शुक्रवार को पांच जिलों के लिए ऑरेंज और अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।मौसम की चेतावनी को देखते हुए सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने और जरूरी एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए। चारधाम यात्रा मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने खराब मौसम या किसी संभावित खतरे की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोकने के निर्देश भी दिए।सचिव ने अधिकारियों से यात्रा मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर रखने और परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक निर्णय लेने को कहा। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही को लेकर विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत पहुंचाने के लिए बचाव दलों को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। आपदा प्रबंधन विभाग ने आमजन से मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेने की अपील की है। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों, जलधाराओं तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। चारों ओर बर्फ की मोटी परत और बर्फ से ढकी पहाड़ियां धाम की खूबसूरती में चार चांद लगा रही हैं। शुक्रवार को भी केदारनाथ धाम में बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा। खराब मौसम और कड़ाके की ठंड के बावजूद बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है।धाम के आसपास बर्फ से ढकी चोटियों और मनमोहक प्राकृतिक नजारों को देखकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो रहे हैं। लगातार हो रही बर्फबारी के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। ऐसे में प्रशासन और पुलिस की टीमें यात्रा व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं को गर्म कपड़े पहनने, स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने और मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए यात्रा करने की सलाह दी गई है। प्रतिकूल मौसम को देखते हुए यात्रियों के लिए एडवाइजरी भी जारी की गई है, ताकि यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। इधर, शुक्रवार सुबह से ही रुद्रप्रयाग जनपद के निचले इलाकों में भी मौसम खराब बना रहा। जिला मुख्यालय सहित गुप्तकाशी, फाटा, जखोली और ऊखीमठ में आसमान बादलों से ढका रहा। मौसम में आए बदलाव के चलते पूरे क्षेत्र में ठंड बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *