काशीपुर में अवैध टेलीकॉम सेटअप का भंडाफोड़, 21 दिन में किए गए 45 हजार से अधिक कॉल; एक गिरफ्तार
देहरादून। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की साइबर क्राइम कुमाऊं यूनिट ने ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर में कथित अवैध टेलीकॉम सेटअप का पर्दाफाश किया है। NS Enterprise के नाम से संचालित इस सेटअप के जरिए SIP कनेक्शन का इस्तेमाल कर इंटरनेशनल लॉन्ग डिस्टेंस (ILD) गेटवे बाईपास और ऑटोमेटेड रोबो कॉलिंग किए जाने की आशंका जताई गई है। प्रारंभिक जांच में महज 21 दिनों के भीतर 45,453 आउटगोइंग कॉल किए जाने का खुलासा हुआ है। मामले में एसटीएफ ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान मौके से कंप्यूटर सिस्टम, SIP उपकरण, नेटवर्किंग डिवाइस, जियो और एयरटेल कनेक्टिविटी से जुड़े उपकरणों के अलावा मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नईमुद्दीन पुत्र जाहिद हुसैन, निवासी मनकुआ मकसूदपुर, थाना डिलारी, जिला मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
कंप्यूटर सिस्टम में मिले तकनीकी साक्ष्य
जांच के दौरान कंप्यूटर सिस्टम में लिनक्स आधारित वर्चुअल मशीन, FreePBX लॉगिन, रिमोट एक्सेस सॉफ्टवेयर और SSH क्लाइंट की मौजूदगी सामने आई है। इसके अलावा व्हाट्सएप चैट में SIP ट्रंक, केबल और इंटरनेट कनेक्शन को लेकर हुई बातचीत भी मिली है। एसटीएफ ने मामले की गहन जांच के लिए RAM डंप, सिस्टम लॉग और अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित कर लिया है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने दी कार्रवाई की जानकारी
आईजी एसटीएफ नीलेश आनंद भरणे और एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि संदिग्ध टेलीकॉम गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद साइबर क्राइम कुमाऊं यूनिट ने कार्रवाई की। शुरुआती जांच में सामने आए तकनीकी तथ्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क और उसकी गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है। एसटीएफ अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस सेटअप के जरिए कॉल कहां और किन उद्देश्यों से किए जा रहे थे तथा इसमें अन्य लोगों की भूमिका तो नहीं थी।


