पेड़ के नीचे खड़े लोगों पर गिरा पेड़,एक की मौत
कोटद्वार(उद संवाददाता)। जशोधरपुर औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार सुबह तेज अंधड़ और बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। यहां चाय की दुकान के समीप बारिश से बचने के लिए खड़े दो लोग अचानक विशाल पेड़ की चपेट में आ गए। पेड़ के नीचे दबने से हल्दूखाता निवासी विक्रम उर्फ खटमल (55) पुत्र छज्जू सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि किशनपुर निवासी दलीप (45) पुत्र शिवराज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुक्रवार सुबह क्षेत्र में बारिश के साथ तेज अंधड़ चल रहा था। इसी दौरान विक्रम और दलीप बारिश से बचने के लिए जशोधरपुर औद्योगिक क्षेत्र में एक चाय की दुकान के समीप खड़े हो गए। बताया जाता है कि अचानक तेज हवा के कारण वहां खड़ा विशाल पेड़ जड़ से उखड़कर दोनों के ऊपर गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से दोनों उसके नीचे दब गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में चीख पुकार मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एसआई राजा राम डोभाल और एसएसआई शशि भूषण जोशी के नेतृत्व में कलालघाटी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों को पेड़ के नीचे से बाहर निकालने की कार्रवाई की गई। हादसे में विक्रम उर्फ खटमल की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि गंभीर रूप से घायल दलीप को तत्काल उपचार के लिए बेस अस्पताल कोटद्वार पहुंचाया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। अचानक हुए इस हादसे ने आसपास के लोगों को झकझोर कर रख दिया। पुलिस टीम ने मौके पर राहत एवं बचाव कार्य पूरा कराया।


