October 28, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

गैरसैंण को 231.91 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

सीएम धामी ने 12 योजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास
गैरसैंण (उद संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गैरसैंण के भराड़ीसैंण में चमोली जिले की 231.91 करोड़ रुपये की 12 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 197.87 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का शिलान्यास तथा 34.04 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। योजनाएं पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, भू धंसाव से सुरक्षा और पुलिस अवस्थापना सुविधाओं से संबंधित हैं। मुख्यमंत्री ने 122.69 करोड़ रुपये की लागत से गैरसैंण शहर और आसपास की आबादी को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए रामगंगा नदी पर बांध निर्माण योजना का शिलान्यास किया। इसके अलावा कर्णप्रयाग विकासखंड के बहुगुणानगर में 50.18 करोड़ रुपये की लागत से भू धंसाव से सुरक्षा कार्यों का शिलान्यास किया गया। उन्होंने 12.16 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय पॉलिटेक्निक गैरसैंण के भवन निर्माण और 22.75 लाख रुपये की लागत से राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बछुवाबाण में भवन अनुरक्षण कार्य का भी शिलान्यास किया। इसके साथ ही 6.99 करोड़ रुपये की लागत से कुमोली रैवान मोटर मार्ग के किलोमीटर दो से फरखण्डे मोटर मार्ग तथा 5.60 करोड़ रुपये की लागत से गैरसैंण पज्याणा मोटर मार्ग के किलोमीटर दो से कुमोली रैवान मोटर मार्ग से संबंधित कार्यों की आधारशिला रखी। मुख्यमंत्री ने 34.04 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण छह विकास योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें 14.82 करोड़ रुपये की लागत से खजुरखाल भण्डारीखोड़ कुनीगाड़ मोटर मार्ग के बछुवाबाण चौखुटिया हिस्से का उच्चीकरण तथा 4.37 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय इंटर कॉलेज गैरसैंण में निर्मित सभागार भवन शामिल है। इसके अलावा 4.03 करोड़ रुपये की लागत से सारकोट भराड़ीसैंण मोटर मार्ग के किलोमीटर छह से 11 तक सुधार एवं डामरीकरण कार्य और 2.17 करोड़ रुपये की लागत से कारगिल शहीद रणजीत सिंह आगर जिनगोड़ मोटर मार्ग के किलोमीटर एक से आठ तक सुधार, डामरीकरण एवं नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री ने गैरसैंण में 4.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अग्निशमन केंद्र भवन और 4.24 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित थाना गैरसैंण भवन का भी लोकार्पण किया। इन योजनाओं से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति, आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा संबंधी सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, भरत चौधरी, स्थानीय विधायक अनिल नौटियाल, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *