October 28, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बाघ एक्सप्रेस की चपेट में आकर हाथी की मौत

हल्दी और छतरपुर स्टेशन के बीच हादसा, करीब दो घंटे खड़ी रही ट्रेन
रुद्रपुर (उद संवाददाता)। तराई केंद्रीय वन प्रभाग के रुद्रपुर क्षेत्र में हल्दी और छतरपुर रेलवे स्टेशन के बीच मंगलवार देर रात बाघ एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक नर हाथी की मौत हो गई। हादसा रेलवे ट्रैक के खंभा संख्या 55/8 के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाथी की मौके पर ही मौत हो गई और उसका एक दांत भी टूट गया। घटना के बाद रेलवे और वन विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, लालकुआं से हावड़ा की ओर जा रही बाघ एक्सप्रेस हाथियों के झुंड के बीच से गुजर रही थी। इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार कर रहा एक नर हाथी ट्रेन की चपेट में आ गया। रेलवे के अनुसार, हादसे के समय ट्रेन में करीब एक हजार यात्राी सवार थे। सभी यात्राी सुरक्षित बताए गए हैं। घटना में रेलवे की विद्युत लाइन को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद हाथी का शव ट्रैक पर होने के कारण बाघ एक्सप्रेस करीब दो घंटे तक मौके पर खड़ी रही। इससे रेल यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही रेलवे और वन विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। रेलवे अधिकारियों के सहयोग से वन विभाग की टीम ने हाथी के शव को ट्रैक से हटवाया और रेल संचालन बहाल करने की प्रक्रिया शुरू की। घटना की सूचना मिलने पर रुद्रपुर रेंज के वन क्षेत्रधिकारी रूपनारायण गौतम सहित वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई। अधिकारियों ने रेलवे कर्मचारियों से भी बातचीत की। वन क्षेत्रधिकारी रूपनारायण गौतम ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि रेलवे ट्रैक पर हाथियों की आवाजाही को देखते हुए ट्रेन की गति नियंत्रित रखने और लगातार हॉर्न बजाने जैसे सुरक्षा उपायों पर जोर दिया जाएगा। हादसे में हाथी का एक दांत टूट गया था, जिसे रेलवे ने अपने कब्जे में ले लिया। बुधवार को टूटे दांत को वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया। वन विभाग की निगरानी में हाथी के शव का पंचनामा भरने और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद नियमानुसार शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *