किसानों को जल्द मिलेगा फसल के नुकसान का मुआवजा
ओलावृष्टि से हुई क्षति के सर्वे में ड्रोन की भी ली जाएगी मदद
रुद्रपुर (उद संवाददाता)। बाजपुर और गदरपुर क्षेत्र में बीते दिनों अतिवृष्टि, ओलावृष्टि और आंधी तूफान से किसानों की फसलों को हुए भारी नुकसान के बाद जिला प्रशासन ने मुआवजे की प्रक्रिया तेज कर दी है। गुरुवार को जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर फसल क्षति का सटीक आकलन करने और प्रभावित किसानों को जल्द राहत देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने प्राकृतिक आपदा से फसलों को हुए नुकसान पर चिंता जताते हुए कृषि, उद्यान, गन्ना और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को प्रभावित क्षेत्रें में तत्काल सर्वे पूरा करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि नुकसान का आकलन तैयार कर शासन को भेजा जाए, ताकि पात्र किसानों को बिना देरी राहत और मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जा सके। आंशिक और पूरी तरह क्षतिग्रस्त फसलों का सही आकलन करने के लिए ड्रोन सर्वे की मदद लेने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि फसल क्षति के आकलन और मुआवजा वितरण में पूरी पारदर्शिता बरती जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक पात्र किसान तक सहायता पहुंचे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन संकट की इस घड़ी में प्रभावित किसानों के साथ है और उन्हें जल्द राहत उपलब्ध कराने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, उप जिलाधिकारी ऋचा सिंह, डॉ- अमृता शर्मा, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ- वीके यादव, मुख्य उद्यान अधिकारी एसके शर्मा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ- आशुतोष जोशी, सहायक निदेशक मत्स्य संजय छिमवाल, सहायक आयुक्त गन्ना शैलेंद्र सिंह, एआर कॉपरेटिव हरीश चंद्र खंडूड़ी, एलडीएम कमल कुमार और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमा शंकर नेगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


