October 13, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

चोरों ने मुख्य बाजार में एसी का आउटडोर उड़ाया

रूद्रपुर (उद संवाददाता)। एक ओर जहां त्यौहार प्रारम्भ हो चुके हैं तो वहीं दूसरी ओर पुलिस की लापरवाही का चोर पूरा फायदा उठा रहे हैं। शहर में मुख्य बाजार में रात्रि गश्त के नाम पर महज खानापूर्ति की जा रही इसका खामियाजा व्यापारियों को भुगतना पड़ रहा है। इस सन्दर्भ में व्यापारी वर्ग कई बार पुलिस प्रशासन को आगाह भी कर चुका है परंतु पुलिस अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। अब सोमवार की रात्रि अज्ञात चोरों ने नगर के मुख्य बाजार के मुख्य चौराहा पर स्थित एक ब्यूटी पार्लर के एसी की तारों को काटकर आउटडोर चोरी कर लिया। जानकारी मिलने पर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा भी आ पहुंचे और उन्होंने पुलिस की लापरवाही पर गहरा रोष व्यक्त किया। ग्राम दौलिया नम्बर 2 हल्दूचौड़, लालकुआं निवासी अनीता दुम्का पत्नी शुभम दुम्का ने बताया कि उसका मुख्य बाजार में गुरूद्वारा मार्ग पर द फैशन वर्ल्ड नाम से ब्यूटी शॉप है। उसने बताया रविवार को रात्रि 8 बजे वह दुकान बंद कर घर वापस लौटी थी। सोमवार को साप्ताहिक अवकाश था। आज प्रातः वह दुकान खोलने पहुंची तो सफाई करने वाली मेड ने बताया कि एसी का आउटडोर नहीं है। जब उसने देखा तो वहां एसी की तारें भी कटी हुई थीं। उन्होंने बताया सूचना देने पुलिसकर्मियों ने आकर मौका मुआयना किया। वहीं संजय जुनेजा ने घटना पर कड़ा रोष जाहिर करते हुए कहा कि यदि मुख्य बाजार में रात्रि पुलिस गश्त नही बढ़ाई गई तो एसएसपी कार्यालय में पुलिस के खिलाफ आन्दोलन किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *