देश के विकास में व्यापारी वर्ग का अहम योगदान : धामी
हल्द्वानी में प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन और संवाद कार्यक्रम में बोले मुख्यमंत्री
हल्द्वानी (उद संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देश के विकास में व्यापारी वर्ग का अहम योगदान रहा है। व्यापारी न केवल अपने परिवार का भरण पोषण करता है, बल्कि समाज और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने में व्यापारी वर्ग की भूमिका अहम होगी। मुख्यमंत्री शुक्रवार को प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की ओर से आयोजित प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन एवं व्यापारी संवाद कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कोरोना काल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस कठिन समय में व्यापारियों ने समाज के लोगों की मदद के लिए सराहनीय योगदान दिया। अपनी जान की परवाह किए बिना व्यापारियों ने घर घर जाकर राशन, दवाइयां, कपड़े और जरूरत का अन्य सामान पहुंचाया। उनके इस योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।धामी ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान संयुक्त राष्ट्र संघ की ओर से भारत में गंभीर संकट की आशंका जताई गई थी, लेकिन देशवासियों और व्यापारियों के सामूहिक प्रयासों से भारत ने मजबूती से इस चुनौती का सामना किया। देश के वैज्ञानिकों ने कोरोना से बचाव के लिए टीके विकसित किए और व्यापारियों ने भी संकट के समय अपनी जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सामूहिक संकल्प और सामूहिक सपने का संदेश देकर देश को आगे बढ़ाने का काम किया है। व्यापारी वर्ग भी इस संकल्प को पूरा करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने व्यापारियों को इंस्पेक्टर राज से राहत दिलाने की दिशा में काम किया है। उन्होंने जीएसटी व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2017 में इसे लागू किए जाने के बाद शुरुआत में कुछ लोगों ने इसका विरोध किया, लेकिन समय के साथ इसके प्रावधानों को समझा गया। सरकार ने समय समय पर नियमों को सरल बनाने के प्रयास भी किए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार व्यापारी वर्ग को देश के विकास में भागीदार मानती है और उसे आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। धामी ने कहा कि राज्य सरकार व्यापारियों की सुरक्षा, सम्मान और हितों के लिए काम करती रही है और आगे भी करती रहेगी। प्रदेश में औद्योगिक विकास को दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि पहाड़ के युवाओं को भी रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था के प्रति विदेशी निवेशकों का भरोसा बढ़ा है और वे यहां निवेश के लिए इच्छुक हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए राज्य में सिंगल विंडो व्यवस्था स्थापित की गई है। इसके माध्यम से कारोबार से जुड़ी कई प्रक्रियाओं को आसान बनाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने प्रदेश में 1700 स्टार्टअप केंद्र स्थापित किए जाने का भी उल्लेख किया और कहा कि युवाओं को रोजगार के साथ उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे पूर्व कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश अध्यक्ष नवीन वर्मा के नेतृत्व में व्यापारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उन्हें मांगपत्र सौंपा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्मारिका का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्य, नितिन गुप्ता, तरुण बंसल, भगवान सहाय, राजेश अग्रवाल, अश्वनी छाबड़ा, अनिल गोयल, चन्द्रा निशा, प्रमोद गोयल, माधव प्रसाद सेमवाल, नरेंद्र साहनी, रूपेंद्र नागर, अशोक बंसल, अर्षवर्धन पांडे, विनीत जैन, राजकुमार सीकरी और प्रकाश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।


