September 21, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

माणा से सजग इंडिया की नशामुक्त भारत अभियान का आगाज

माणा, चमोली। देवभूमि उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्र और भारत के प्रथम गांव माणा से नशामुक्त भारत अभियान का आगाज किया गया। बदरीनाथ धाम की धरती पर आयोजित देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव के दौरान सजग इंडिया की ओर से शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए देशभर में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाना है। अभियान को गंगा से गंगासागर तक और कश्मीर से कन्याकुमारी तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में सजग इंडिया, भारतीय सेना, गढ़वाल स्काउट, एनसीसी कैडेट्स और स्थानीय लोगों समेत 500 से अधिक लोगों ने भाग लिया। सीमांत गांव माणा से शुरू हुई इस मुहिम के माध्यम से युवाओं और आमजन को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव के समापन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रतिभाग किया। उन्होंने स्थानीय लोगों, युवाओं और सेना के जवानों से संवाद किया तथा नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों से बचने और समाज को नशामुक्त बनाने में सामूहिक भागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आ“वान किया। सजग इंडिया के अध्यक्ष ललित जोशी पिछले 18 वर्षों से अधिक समय से युवाओं के बीच युवा संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से नशे के खिलाफ जनजाग रूकता अभियान चला रहे हैं। इस दौरान उत्तराखंड के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में लगातार संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। अब तक 1600 से अधिक स्कूलों और कॉलेजों में युवा संवाद के माध्यम से अभियान पहुंचाया जा चुका है, जबकि 8 लाख से अधिक युवाओं से सीधे संवाद कर उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया है। ललित जोशी ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल किसी एक संस्था या विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ आना होगा। नशे के खिलाफ लंबे समय से चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान और युवा संवाद की पहल को देखते हुए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से सजग इंडिया के अध्यक्ष ललित जोशी को नशामुक्त मित्र 2026 सम्मान से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान नशामुक्ति के क्षेत्र में उनके लंबे समय से जारी जनजागरूकता प्रयासों के लिए दिया गया। भारत के प्रथम गांव माणा से अभियान की शुरुआत को नशामुक्ति के संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाने की पहल के रूप में देखा जा रहा है। बदरीनाथ धाम की पृष्ठभूमि में स्थित माणा से शुरू हुई यह मुहिम देशभर में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ेगी। ललित जोशी ने कहा कि माणा से शुरू हुआ यह अभियान गंगा से गंगासागर तक और कश्मीर से कन्याकुमारी तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *