September 21, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

खाना लेने जाते श्रमिक को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौत

रूद्रपुर (उद संवाददाता)। रविवार की रात्रि सिडकुल क्षेत्र में खाना लेने के लिए सिडकुल कम्पनी से ट्रांजिट कैम्प जा रहे श्रमिक को तेज गति से जाते अज्ञात वाहन ने टक्कर मारकर रौंद दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाऊस भिजवाया। घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन यहां आ पहुंचे और उनमें कोहराम मच गया। मिली जानकारी के अनुसार मूल रूप से ग्राम नगरिया विक्रम, थाना फरीदपुर बरेली निवासी 27 वर्षीय अर्जुन पुत्र स्व- प्रकाश करीब एक वर्ष पूर्व यहां सिडकुल में काम करने को आया था और रामा पेनलर्स प्रा-लि- सिडकुल कम्पनी में काम करता था। बताया जाता है कि रविवार की रात्रि अर्जुन करीब 8ः30 बजे फैक्ट्री से खाना लेने के लिए ट्रांजिट कैम्प की ओर पैदल जा रहा था। मार्ग में एटीसी टावर के पास तेज गति से जाते अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार कर रौंद दिया और वाहन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। इस दुर्घटना में अर्जुन गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। घायल अर्जुन को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने चिकित्सालय पहुंचकर शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम हाऊस भिजवाया। जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन यहां पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने बताया कि मृतक अर्जुन के दो बड़े एक छोटा भाई तथा दो बहनें हैं।

ट्रक की चपेट में आकर साइकिल सवार महिला की मौत, बेटा बाल-बाल बचा

काशीपुर । ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार महिला की मौत हो गई। हादसे में उसका बेटा बाल-बाल बच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कुंडा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुंडा निवासी 45 वर्षीय वीरो देवी पत्नी रजविंदर सिंह ग्राम पैगा स्थित एक पेपर मिल में नौकरी करती थीं। रविवार शाम ड्यूटी खत्म करने के बाद वह बेटे के साथ साइकिल से घर लौट रही थीं। पैगा चौकी प्रभारी विक्रम सिंह धामी ने बताया कि मुरादाबाद से वेस्ट पेपर लेकर एक ट्रक पेपर मिल जा रहा था। इसी दौरान साइकिल सवार महिला ट्रक की चपेट में आ गई। ट्रक का पहिया महिला के ऊपर चढ़ जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में महिला का बेटा बाल-बाल बच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *