रुद्रपुर में मंत्री रेखा आर्या ने की ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा
रुद्रपुर, 19 सितंबर 2026। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने शनिवार को जिला सभागार में आगामी ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जनपद स्तरीय अधिकारियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक से पहले मंत्री ने गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी ली। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।मंत्री ने बताया कि 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलने वाले इस आयोजन के तहत जिले के 2,388 आंगनबाड़ी केंद्रों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। 13 दिनों के दौरान अलग-अलग दिवसों पर टीकाकरण एवं पोषण अभियान, संतुलित आहार एवं पोषण पर चर्चा, बाल गीत-कविताएं, सांस्कृतिक एवं लोकनृत्य, लघु नाटिका और अन्य रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम के दौरान पोषण एवं मातृ-शिशु कल्याण, मां और बच्चे के पोषण, पोषण अभियान तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) सहित विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। लाभार्थियों को योजनाओं की पात्रता और उनका लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में भी बताया जाएगा।इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा बहनों को सम्मानित किया जाएगा।
बच्चों की प्रतिभा को मिलेगा मंच
रेखा आर्या ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक होता है, इसलिए सभी गतिविधियां इसी समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं, ताकि बच्चों और अभिभावकों को असुविधा न हो।उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। बाल गीत, कविताओं, सांस्कृतिक एवं लोकनृत्य, अभिनय, लघु नाटिका और रचनात्मक गतिविधियों के जरिए बच्चों के आत्मविश्वास और प्रतिभा को प्रोत्साहित किया जाएगा।बैठक में दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष विनीता सक्सेना, काशीपुर महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष आकांक्षा ठाकुर, प्रदेश महामंत्री महिला मोर्चा रश्मि रस्तोगी, जिला महामंत्री महिला मोर्चा प्रीति धीर, जिला महामंत्री तरुण दत्ता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किसान मोर्चा अनिल चौहान, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, सहायक परियोजना निदेशक रमा गोस्वामी, जिला कार्यक्रम अधिकारी मुकुल चौधरी समेत विभागीय अधिकारी, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
