श्रीनगर विधानसभा में कांग्रेस का बढ़ा कुनबा, भाजपा से जुड़े लोगों ने थामा कांग्रेस का हाथ
देहरादून। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के ब्लॉक चाकीसैंण से बड़ी संख्या में भाजपा से जुड़े युवा, मातृशक्ति और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस ने इसे प्रदेश में बदलाव की बढ़ती लहर और पार्टी के प्रति जनता के बढ़ते विश्वास का संकेत बताया।कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गणेश गोदियाल ने भाजपा से कांग्रेस में शामिल हुए लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार की व्यवस्थाओं से जनता में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ लोगों का कांग्रेस से जुड़ना इस बात का संकेत है कि प्रदेश में राजनीतिक बदलाव की मजबूत आहट सुनाई दे रही है।कांग्रेस के अनुसार, इस दौरान दिनेश सिंह पंवार, जिला उपाध्यक्ष ओबीसी मोर्चा, भरत सिंह पंवार, बूथ अध्यक्ष, मुकेश पंवार, मंडल मीडिया प्रभारी, मनवर सिंह पंवार, सैनिक प्रकोष्ठ, श्रीमती शशिकला, ग्राम प्रधान बगड़, वीर सिंह रावत, प्रधान प्रतिनिधि ग्राम चौरा, हर्ष पंवार, बीएलए-1, सत्यप्रकाश पुंडीर, उपाध्यक्ष अर्धनारीश्वर मंदिर समिति बाजरा महादेव, सूबेदार पंकज गौड़ और पूर्व सैनिक रणजीत सिंह रावत समेत बड़ी संख्या में लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ली।गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस में शामिल होने वाले सभी साथियों का पार्टी में सम्मान के साथ स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता का बढ़ता विश्वास बदलाव की मजबूत आहट है और कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश की जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करेंगे।कांग्रेस ने दावा किया कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा से जुड़े लोगों का कांग्रेस में शामिल होना पार्टी के बढ़ते जनाधार का संकेत है। पार्टी ने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से और भी लोग कांग्रेस की विचारधारा एवं नेतृत्व से जुड़ेंगे।

