October 28, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

नितिन नबीन के आने से पहले ठुकराल समेत कई कांग्रेसी गिरफ्तार

रुद्रपुर। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के आने से पहले विरोध प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस ने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल समेत कई कांग्रेसियों को गल्ला मण्डी से गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार ठुकराल समेत तमाम कांग्रेसी गुरूवार को नितिन नबीन का पुतला फूंकने और विरोध प्रदर्शन की तैयारी कर रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने गल्ला मण्डी पहुंचकर ठुकराल और उनके समर्थकों को पंचमुखी हनुमान मंदिर में नजर बंद कर दिया। इस दौरान ठुकराल और उनके समर्थकों ने हनुमान चालीसा पाठ किया। हनुमान चालीसा पाठ के बाद जब ठुकराल और उनके समर्थक मंदिर से बाहर निकले तो पुलिस ने ठुकराल सहित राजवीर सिंह विर्क, सुखवंत सिंह, विर्क, विकास बंसल, आकाश बठला, राम सेवक कोली, आनंद शर्मा, कुंवर पाल कोली, दिनेश कोली, आकाश बठला, सुनील चुघ, केरू मण्डल आदि समेत कई कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर लिया। इससे पूर्व ठुकराल ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अपने आगे हनुमान जी का स्वरूप धारण किए कलाकार से नृत्य कराकर हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं को आहत किया था। उन्होंने कहा कि भगवान हनुमान जी करोड़ों सनातनियों की आस्था के केंद्र हैं और उनसे जुड़ी धार्मिक भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। ठुकराल ने कहा कि धर्म और आस्था से जुड़े विषयों पर किसी भी राजनीतिक दल अथवा नेता को पूरी संवेदनशीलता बरतनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि हिंदुत्व की बात करने वाली भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम में जिस तरह का दृश्य सामने आया, उससे सनातन धर्म में आस्था रखने वाले लोगों में नाराजगी है। इसी के विरोध में साथियों के साथ हनुमान चालीसा का पाठ कर अपनी भावना व्यक्त की गई।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *