व्यू प्वाइंट से गिरकर युवक की मौत
मसूरी घूमने आया था नई दिल्ली निवासी 20 वर्षीय शिवम, उपचार के दौरान तोड़ा दम
मसूरी (उद संवाददाता)। लाइब्रेरी चौक स्थित व्यू प्वाइंट से शुक्रवार तड़के एक युवक अचानक नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल युवक को तत्काल एंबुलेंस से सिविल अस्पताल मसूरी पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस ने युवक के परिजनों को दे दी है। एसएसआई सतेंद्र भाटी ने बताया कि मृतक की पहचान शिवम (20) पुत्र अजय, निवासी नई दिल्ली के रूप में हुई है। शिवम मसूरी घूमने के लिए आया हुआ था। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे वह लाइब्रेरी चौक स्थित व्यू प्वाइंट पर मौजूद था। इसी दौरान वह अचानक नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और घायल युवक को एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल मसूरी पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। एसएसआई सतेंद्र भाटी ने बताया कि घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है। साथ ही युवक के नीचे गिरने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
