September 1, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

तेज बहाव में बही कार,दो की मौत,एक युवती घायल

देहरादून। भारी बारिश के बीच प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। लोअर कंडोली, पौंधा रोड स्थित कंडोली पुल के पास तेज बरसाती बहाव में क्रेटा कार बह गई। हादसे में कार सवार एक युवक और एक युवती की मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। बाढ़ का बहाव इतना तेज था कि कार सवार घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर मिले। पुलिस को क्रेटा कार संख्या आरजे 13 सीई 5641 के तेज बरसाती बहाव में बहने की सूचना मिली। इसके बाद डाकपत्थर से अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम तत्काल मौके पर पहुंची। अंधेरे, तेज बारिश और प्रतिकूल परिस्थितियों के बीच जवानों ने सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया। एसडीआरएफ के अनुसार कार में एक युवक और दो युवतियां सवार थीं। रातभर चले अभियान के दौरान घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर सहज पुत्री गुलशन बवेजा घायल अवस्था में मिली। टीम ने उसे सुरक्षित बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द किया। इसके बाद सर्च अभियान जारी रखते हुए कार सवार अक्षय पुत्र मुकेश (20), निवासी जयपुर, राजस्थान और एक अन्य युवती के शव बरामद किए गए। दोनों शव पुलिस को सौंप दिए गए। अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर ने बताया कि भारी बारिश के कारण सड़क के रपटे पर बरसाती पानी का तेज बहाव था। इसी दौरान कार बरसाती खाले में बह गई और करीब दो किलोमीटर दूर पहुंच गई। उन्होंने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि एक युवती घायल है। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा। तेज बरसाती बहाव और खराब मौसम के बावजूद एसडीआरएफ जवान पूरी रात लगातार सर्च और रेस्क्यू अभियान में जुटे रहे। हादसे में एक युवती का बच जाना भी लोगों के लिए हैरानी का विषय बना हुआ है। इतनी दूरी तक बाढ़ के पानी में बहने के बावजूद उसके जीवित मिलने को लोग किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *