August 31, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

गिरीश चंद्र पांडे के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग : खड़गे की जनसभा के बाद सार्वजनिक स्थल पर शुद्धिकरण का वीडियो बनाकर प्रसारित करने का आरोप

रूद्रपुर/किच्छा। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद हुए कथित शुद्धिकरण प्रकरण को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को रुद्रपुर कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा और महानगर अध्यक्ष ममता रानी के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने पुलिस को तहरीर सौंपते हुए मामले में मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। तहरीर में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस की ओर से आयोजित जनसभा में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल हुए थे। इसके दो दिन बाद 10 अगस्त को गिरीश चंद्र पांडे, अध्यक्ष श्री राम धर्मार्थ सेवा न्यास और करीब 15 अन्य अज्ञात लोगों ने कथित रूप से रामलीला मैदान में यज्ञ और गंगाजल का छिड़काव कर शुद्धिकरण किया। तहरीर में कहा गया है कि सार्वजनिक स्थल पर शुद्धिकरण की कार्रवाई और उसका वीडियो बनाकर सामाजिक माध्यमों पर प्रसारित किए जाने से अनुसूचित जाति सहित सामाजिक एकता और राष्ट्रीय अखंडता में विश्वास रखने वाले लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि इस कृत्य से अनुसूचित जाति के लोगों को नीच अथवा अपवित्र समझे जाने का संदेश समाज में गया, जो संविधान में निहित समानता और अस्पृश्यता उन्मूलन की भावना के विपरीत है। कांग्रेसजनों ने तहरीर में आरोप लगाया कि शुद्धिकरण के नाम पर किए गए इस कृत्य से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के सदस्यों के प्रति शत्रुता, घृणा और वैमनस्य की भावना पैदा करने का प्रयास किया गया। पार्टी ने मामले को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध बताते हुए आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की। तहरीर में राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से 13 अगस्त को राज्यसभा में उठाए गए इस मामले का भी उल्लेख किया गया है। साथ ही भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नîóा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्टð के बयानों का हवाला देते हुए कांग्रेस ने आरोप लगाया कि शुद्धिकरण की कार्रवाई को लेकर भाजपा नेताओं के अलग अलग बयानों से मामले को लेकर राजनीतिक विवाद और गहरा गया है। कांग्रेस ने हल्द्वानी पुलिस पर भी कार्रवाई में कथित लापरवाही का आरोप लगाया है। तहरीर में कहा गया कि मामले में अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस से तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी और कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की। तहरीर देने वालों में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, सतीश कुमार, राहुल प्रजापति, दिनेश कोली, संदीप चीमा, योगेश चौहान, पार्षद चिराग कालरा, ज्योति टम्टा, कुंदन टम्टा, ज्योति आर्य, अबरार, मोहन कुमार, रंजीत तिवारी, निहाल, राकेश कोली, सरोज रानी, निसार अहमद, उमा सरकार, राजू गुप्ता, विकास मलिक, संजीव नंदी, आशीत बाला, अशोक मंडल, ललित बिष्ट और सुनील चुघ सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

किच्छा। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद कथित रूप से किए गए शुद्धिकरण को लेकर कांग्रेसियों में आक्रोश है। सोमवार को विधायक तिलकराज बेहड़ के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किच्छा में मांग पत्र सौंपकर मामले में नामजद एवं चिन्हित आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। मांग पत्र में आरोप लगाया गया है कि 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में मल्लिकार्जुन खड़गे ने जनसभा को संबोधित किया था। इसके दो दिन बाद 10 अगस्त को गिरीश चंद्र पाण्डेय, अध्यक्ष श्री राम धर्मार्थ सेवा न्यास एवं 15 अन्य लोगों द्वारा कथित तौर पर यज्ञ और गंगाजल छिड़ककर मैदान का शुद्धिकरण किया गया। कांग्रेसियों ने इसे अनुसूचित जाति समाज के साथ सार्वजनिक अपमान और संविधान की भावना के विपरीत बताया। ज्ञापन में कहा गया कि सार्वजनिक स्थल पर इस तरह की कार्रवाई से सामाजिक भेदभाव और अस्पृश्यता को बढ़ावा देने का संदेश जाता है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मामले में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 सहित भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि घटना को लेकर राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने 13 अगस्त को मुद्दा उठाया था। वहीं भाजपा नेताओं की ओर से घटना को लेकर दिए गए अलग-अलग बयानों का भी कांग्रेसियों ने विरोध किया। इस दौरान नितिन शर्मा, अशोक मित्र, जस्सी देओल, सुनीता कश्यप, ओमप्रकाश दुआ, दर्शन कोहली, राजेश प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेसियों ने दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *