August 31, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

प्रीतम सिंह ने सेलाकुई थाने में दी तहरीर, हल्द्वानी शुद्धिकरण प्रकरण को लेकर कार्रवाई की मांग

देहरादून। हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर कांग्रेस का विरोध लगातार जारी है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधिमंडल के साथ सेलाकुई थाने पहुंचकर मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस को तहरीर सौंपी।प्रीतम सिंह ने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल के ‘शुद्धिकरण’ का मामला बेहद शर्मनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के करीब तीन सप्ताह बीत जाने के बावजूद दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई, जबकि सामाजिक न्याय की मांग उठाने वाले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई।उन्होंने कहा कि यह स्थिति केवल प्रशासन की निष्क्रियता का मामला नहीं है, बल्कि इससे प्रदेश सरकार और भाजपा की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े होते हैं। प्रीतम सिंह ने पुलिस से तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। कांग्रेस नेता ने कहा कि जातिवादी और भेदभावपूर्ण मानसिकता के खिलाफ आवाज उठाना राजनीति नहीं, बल्कि संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा की लड़ाई है। उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश किसी मनुवादी सोच से नहीं, बल्कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान से चलेगा।प्रीतम सिंह ने कहा कि संविधान, सामाजिक न्याय और समानता सर्वोपरि हैं तथा सामाजिक भेदभाव के किसी भी रूप से समझौता नहीं किया जाएगा।इस दौरान पछुवादून जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय किशोर, पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष आर्येन्द्र शर्मा, अल्पसंख्यक विभाग के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ताहिर अली समेत कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *