जुलूस के दौरान भड़काऊ भाषण के आरोप में मुफ्ती मुजीब गिरफ्तार
रुद्रपुर (उद संवाददाता)। बारावफात जुलूस के दौरान त्रिशूल चौक पर मदरसों को बंद करने को लेकर कथित भड़काऊ भाषण देने के आरोप में पुलिस ने रामपुर के दड़ियाल टांडा निवासी मुफ्ती मुजीब को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वीडियो सामने आने के बाद उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। पूछताछ के बाद शुक्रवार देर रात गिरफ्तारी की गई। जानकारी के अनुसार बुधवार को रुद्रपुर में बारावफात का जुलूस निकाला गया था। इस दौरान त्रिशूल चौक पर सभा आयोजित हुई थी। गुरुवार को सभा में दिए गए भाषण का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ। वीडियो में मुफ्ती मुजीब मदरसों को लेकर बयान देते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने मदरसों के संबंध में कोई फैसला लेने से पहले विचार करने की बात कही। वीडियो में मुफ्ती मुजीब यह कहते भी दिखाई दे रहे हैं कि मदरसों में लोगों को तालीम दी जाती है और किसी पर जुल्म, ज्यादती या चोरी नहीं करने की सीख दी जाती है। इसके साथ ही उन्होंने मदरसों को बंद करने की स्थिति में परिणाम भुगतने की चेतावनी देने की बात कही। वीडियो में वह ईदगाह की जमीन वापस करने की मांग करते हुए भी नजर आ रहे हैं। वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए मुफ्ती मुजीब के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी। रम्पुरा चौकी प्रभारी के अनुसार पूछताछ के बाद मुफ्ती मुजीब को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
