गहरी खाई में गिरी कार,पांच घायल
देहरादून(उद संवाददाता)। चकराता क्षेत्र में लालपुल के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 35 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। जानकारी के अनुसार कार संख्या डीएल 9सी 8092 से पांच लोग चकराता घूमने जा रहे थे। लालपुल के समीप अचानक कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 35 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने 112 के माध्यम से पुलिस को हादसे की सूचना दी। इसके बाद एसडीआरएफ चकराता से उपनिरीक्षक जसपाल सिंह के नेतृत्व में टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंची एसडीआरएफ टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय कर खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद तीन पुरुषों और दो महिलाओं समेत सभी पांच घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना में दो लोगों को गंभीर चोटें आईं, जबकि तीन को सामान्य चोटें बताई गई हैं। सहिया पुलिस चौकी प्रभारी संदीप पंवार ने बताया कि कार सवार चकराता घूमने जा रहे थे। लालपुल के समीप कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। कार में पांच लोग सवार थे, जिन्हें रेस्क्यू कर अस्पताल भेज दिया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सक हुमा परवीन के अनुसार चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। घायलों में रोहन कुमार उम्र 23 वर्ष निवासी नई दिल्ली, अभिषेक दुबे उम्र 26 वर्ष निवासी रोहिणी दिल्ली, अभिषेक उम्र 26 वर्ष निवासी नोएडा उत्तर प्रदेश, शिवानी सिंह उम्र 22 वर्ष निवासी वाराणसी उत्तर प्रदेश और प्रिंस राज उम्र 22 वर्ष निवासी वाराणसी उत्तर प्रदेश शामिल हैं।
