August 25, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

मुख्यमंत्री ने सभी राजनीतिक दलों से की एसआईआर अभियान में सहयोग करने की अपील

मतदाता सूची का शुद्धीकरण लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने के लिए जरूरी
देहरादून। प्रदेश में खाद्य पदार्थों में मिलावट, बारिश के मौसम में बढ़ रहे वायरल संक्रमण और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बरसात के मौसम में संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है, ऐसे में स्वास्थ्य विभाग को पहले से तैयार रहना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश के मौसम में वायरल फीवर, स्वाइन फ्लू और डेंगू जैसी बीमारियों का खतरा बना रहता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारियों को आम लोगों के लिए आवश्यक एडवाइजरी जारी करने तथा संक्रमण की रोकथाम के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि संभावित स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की तैयारियां पहले से पूरी होनी चाहिए, ताकि संक्रमण फैलने की स्थिति में तत्काल प्रभावी कदम उठाए जा सकें। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण एसआई आर को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्वाचन आयोग निष्पक्ष तरीके से पुनरीक्षण की प्रक्रिया संचालित कर रहा है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि मतदाता सूची में ऐसे नाम दर्ज हैं, जिनका वास्तविक अस्तित्व नहीं है अथवा किसी व्यक्ति का नाम पहले से किसी अन्य स्थान की मतदाता सूची में दर्ज है, तो ऐसे नाम सूची में क्यों बने रहने चाहिए। उन्होंने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध और अधिक व्यवस्थित करना है। इसमें सभी राजनीतिक दलों को सहयोग करना चाहिए। विपक्षी दलों की ओर से एसआईआर के विरोध को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदाता सूची में गलत या अपात्र प्रविष्टियां नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई राजनीतिक दल इस प्रक्रिया का विरोध कर रहा है तो इसके पीछे उसकी अपनी राजनीतिक वजह हो सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धीकरण लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने के लिए जरूरी है। निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित इस प्रक्रिया में सभी दलों और लोगों को सहयोग करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *