August 13, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सऊदी अरब में फंसे उत्तरकाशी के इंद्रमणि की वापसी को धामी ने लिखा पत्र

देहरादून । सऊदी अरब में कथित रूप से बंधक जैसी स्थिति में रह रहे उत्तरकाशी निवासी इंद्रमणि नौटियाल की सकुशल स्वदेश वापसी के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को पत्र लिखा है। मुख्यमंत्री ने भारत सरकार के स्तर से मामले में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने तथा इंद्रमणि नौटियाल को आवश्यक न्यायिक एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। इंद्रमणि नौटियाल पुत्र देवी राम नौटियाल वर्ष 2018 में रोजगार के लिए सऊदी अरब गए थे। वहां वह पिकक रोड्स एंड कॉन्ट्रेक्टिंग कंपनी, रियाद में ट्रक चालक के रूप में कार्यरत थे। वर्ष 2018 में कार्य के दौरान वह एक गंभीर सड़क दुर्घटना में शामिल हो गए थे। इसके बाद सऊदी अरब की न्यायिक प्रक्रिया के तहत उन्हें एक वर्ष के कारावास की सजा हुई थी। साथ ही ट्रक के बीमा एवं पंजीकरण संबंधी कमी के चलते कंपनी मालिक पर नौ लाख सऊदी रियाल का जुर्माना लगाया गया था। भारतीय मुद्रा में इस जुर्माने की अनुमानित राशि करीब 2.29 करोड़ रुपये बताई गई है। आरोप है कि घटना के कई वर्ष बीत जाने के बावजूद कंपनी मालिक ने जुर्माने की राशि का भुगतान नहीं किया है और इंद्रमणि नौटियाल को कथित रूप से बंधक जैसी स्थिति में रखकर जुर्माने की रकम अदा करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उनकी पत्नी और पुत्री ने उनकी स्वदेश वापसी के लिए अपने स्तर से विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए, लेकिन अपेक्षित सहायता नहीं मिल सकी। इसके चलते परिवार को मानसिक और आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विदेश मंत्री को भेजे पत्र में पूरे प्रकरण का संदर्भ देते हुए इंद्रमणि नौटियाल को बंधक जैसी स्थिति से मुक्त कराने, उन्हें आवश्यक न्यायिक एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और सकुशल भारत वापस लाने के लिए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देशित करने का अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेश में कठिन परिस्थितियों में फंसे किसी भी उत्तराखंडी नागरिक की सहायता के लिए राज्य सरकार हरसंभव प्रयास करेगी। उन्होंने केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए मामले में प्रभावी हस्तक्षेप की अपेक्षा की, ताकि इंद्रमणि नौटियाल को राहत मिल सके और उनका परिवार अपने प्रियजन की सकुशल स्वदेश वापसी की उम्मीद पूरी कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *