August 12, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

तमक नाले पर यातायात सुचारु,लापता व्यक्ति की तलाश जारी

देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के बाद जिला प्रशासन और संबंधित विभागों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तमक नाले पर रिकॉर्ड समय में अस्थाई मोटर मार्ग तैयार कर यातायात सुचारु कर दिया है। तमक नाले में ह्यूम पाइप डालकर तैयार किए गए अस्थाई मार्ग से अब वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री धामी ने रिकॉर्ड समय में यातायात व्यवस्था बहाल किए जाने पर जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमों को बधाई दी है। नीती घाटी में भारी बारिश के कारण तमक नाला उफान पर आने से वैली ब्रिज बह गया था, जिससे क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई थी। स्थिति की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री धामी लगातार पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए थे। उन्होंने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप तथा जिलाधिकारी चमोली से लगातार राहत और बचाव कार्यों के साथ मार्ग बहाली की प्रगति की जानकारी ली। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर मार्ग बहाली का कार्य शुरू किया। ह्यूम पाइप डालकर अस्थाई मोटर मार्ग तैयार किया गया, जिसके बाद इस मार्ग से वाहनों की आवाजाही बहाल हो गई है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द यातायात सुचारु करने के निर्देश दिए थे। इधर, तमक नाले में वैली ब्रिज बहने की घटना के बाद लापता हुए एक व्यक्ति की तलाश में दूसरे दिन भी बचाव अभियान जारी रहा। लापता व्यक्ति की तलाश के लिए जिला प्रशासन, पुलिस, भारतीय सेना, भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल और सीमा सड़क संगठन की टीमें संयुक्त रूप से खोज एवं बचाव अभियान चला रही हैं। प्रभावित क्षेत्र के आसपास नदी तट और संभावित स्थानों पर गहनता से तलाश की जा रही है। जिला प्रशासन की ओर से मौके की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *