कार और कैंटर की भिड़ंत में दम्पत्ति व मासूम घायल
रूद्रपुर । नगर के गाबा चौक पर बुधवार की प्रातः अनियंत्रित कार के केंटर से टकरा जाने से उसमें सवार दम्पत्ति सहित एक मासूम बालक घायल हो गया । जिन्हें उपचार के लिए चिकित्सालय ले जाया गया। घटना के बाद मौके पर जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर यातायात सुचारू किया और दोनों वाहनों को मुख्य मार्ग से हटवाया। बताया जाता है कि ग्रीन पार्क कालोनी निवासी गुरसेवक सिंह अपनी पत्नी रजिन्दर कौर व एक वर्षीय पुत्र रूवानी के साथ कार संख्या यूपी 26 एई 6100 में सवार होकर नानकपुरी टांडा को जा रहे थे। जब वह गाबा चौक पर पहुंचे तो उनकी कार काशीपुर बाईपास रोड़ से आ रहे केंटर संख्या यूपी एटी 7379 के बीच में तेजी से जा टकराई। इस दुर्घटना में कार चला रहे गुरसेवक सिंह उनकी पत्नी व पुत्र को गंभीर चोटें आ गईं। घटना के बाद वहां लोगों की भीड़ लग गई और यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और उन्होंने दोनों वाहनों को किनारे कर यातायात सुचारू किया। केंटर चालक ने बताया कि वह सिडकुल से आनन्दम गार्डन की ओर जा रहा था।
