हल्द्वानी में खड़गे की सभा के बाद ‘शुद्धिकरण’ पर सियासी संग्राम: कांग्रेस ने भाजपा पर लगाया दलित विरोधी मानसिकता का आरोप
मंत्रोच्चारण के साथ शुद्धिकरण का वीडियो वायरल
देहरादून। हल्द्वानी में कांग्रेस की जनसभा के बाद कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर उत्तराखंड की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद भाजपा से जुड़े लोगों द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ कार्यक्रम स्थल का शुद्धिकरण किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है।कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इस घटनाक्रम को सामाजिक समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान करार देते हुए कहा कि भाजपा दलित और पिछड़े वर्गों का वोट तो चाहती है, लेकिन उनके सम्मान और सामाजिक स्वीकार्यता को बर्दाश्त नहीं कर पा रही है।गोदियाल ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे दलित समाज से आते हैं और जिस मंच से उन्होंने हल्द्वानी में जनता को संबोधित किया, उसी मंच का कथित तौर पर ‘शुद्धिकरण’ कराया जाना बेहद निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना जातिगत भेदभाव और संकीर्ण मानसिकता को प्रदर्शित करती है।कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में कानून का उल्लंघन सामने आता है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई होनी चाहिए।गोदियाल ने कहा कि आधुनिक लोकतांत्रिक भारत में भेदभाव और छुआछूत के लिए कोई जगह नहीं है। कांग्रेस ऐसी मानसिकता का लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से विरोध करती रहेगी।उन्होंने महात्मा गांधी के कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि “छुआछूत ईश्वर के प्रति अपराध है।” कांग्रेस ने इस पूरे विवाद को सामाजिक सम्मान, समानता और संवैधानिक मूल्यों से जोड़ते हुए भाजपा पर राजनीतिक और वैचारिक हमला तेज कर दिया है।
