सोरगढ़ किले के पास बनेगा पिथौरागढ़ का पहला हैरिटेज वेंडिंग ज़ोन, डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण
पिथौरागढ़। जिले में पर्यटन, स्थानीय आजीविका और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन को नई गति देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने नगर के प्रमुख पर्यटन एवं ऐतिहासिक स्थल सोरगढ़ किला (लंदन फोर्ट) से सटे क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित हैरिटेज वेंडिंग ज़ोन, पार्किंग निर्माण, ऐतिहासिक सदर रामलीला मैदान के उच्चीकरण एवं सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न विकास कार्यों की प्रस्तावित योजना का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) की समीक्षा करते हुए कहा कि सोरगढ़ किले के आसपास विकसित किया जाने वाला पिथौरागढ़ नगर का पहला हैरिटेज वेंडिंग ज़ोन पर्यटन को नई पहचान देने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि यहां आने वाले पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक खान-पान, हस्तशिल्प, लोक कला और जनपद के विशिष्ट उत्पाद एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे, जिससे स्थानीय कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों, युवाओं और छोटे व्यापारियों को स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे।जिलाधिकारी ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को दो चरणों में विकसित किया जाएगा। पहले चरण में हैरिटेज वेंडिंग ज़ोन, पार्किंग और आधारभूत पर्यटन सुविधाओं का विकास होगा, जबकि दूसरे चरण में ऐतिहासिक सदर रामलीला मैदान का उच्चीकरण एवं सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इसके अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों और युवाओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त जिला पुस्तकालय के पुनर्निर्माण तथा सूचना विभाग के कार्यालय के पुनर्निर्माण का प्रस्ताव भी योजना में शामिल किया गया है।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना के प्रत्येक कार्य में गुणवत्ता और सांस्कृतिक विरासत का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि विकसित होने वाला यह क्षेत्र पर्यटन, संस्कृति और जनसुविधाओं का आदर्श केंद्र बन सके। साथ ही उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने विश्वास जताया कि यह परियोजना पिथौरागढ़ के पर्यटन को नई दिशा देने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करेगी और नगर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी।निरीक्षण के दौरान पिथौरागढ़ की मेयर कल्पना देवलाल, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, तहसीलदार विजय गोस्वामी, सहायक नगर आयुक्त राजदेव जायसी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
