Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

अनिल हत्याकांड का खुलासाः सुनील उर्फ इक्का को गिरफ्तार किया

जेब से पांच हजार रूपये निकालने पर हुआ था विवाद
रूद्रपुर। बीते शुक्रवार की प्रातः ट्रांजिट कैम्प के वार्ड 9 शिवनगर चामुंडा मंदिर के पास एक निर्माणाधीन मकान में मिले अनिल के शव के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुनील उर्फ इक्का को गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि शराब पीने के बाद पैसे को लेकर अनिल और सुनील के बीच विवाद हो गया था और इसी विवाद में सुनील ने अनिल की हत्या कर दी। गौरतलब हो कि शुक्रवार की प्रातः ट्रांजिट कैम्प के वार्ड 9 शिवनगर चामुंडा मंदिर के पास राजा कालोनी निवासी रामेश्वर दयाल के निर्माणाधीन मकान में एक युवक का शव पाया गया था। मौके पर उसकी शिनाख्त नहीं हो पाने से पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाऊस भिजवाकर उसकी शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिये थे। बाद में मृतक के परिजनों ने उसकी पहचान 23 वर्षीय अनिल पुत्र स्व. सुभाष कुमार निवासी शिवनगर ठाकुर नगर के रूप में की थी। परिजनों के अनुसार मृतक अनिल नशे का आदी था और अपने दोस्तों के साथ रात में घूमते रहता था। परिजनों ने अनिल की हत्या किये जाने का भी सन्देह व्यक्त किया था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई तेज करते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी केमरों की फुटेज देखने के बाद कई संदिग्ध युवको से पूछताछ के लिए अपनी हिरासत में लिया था। पूछताछ के बाद पुलिस अनिल के हत्यारे तक पहुंचने में कामयाब हो गई। अनिल की हत्या सुनील उर्फ इक्का ने पैसे को लेकर की थी। बताया जाता है कि हत्या वाली रात से पूर्व अनिल ने इक्का के साथ मिलकर शराब पी थी। इसी बीच इक्का ने अनिल की जेब में रखे 500 हजार रूपयेे निकाल लिये जिस पर दोनों में विवाद हो गया और इक्का ने अनिल को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *