Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

भाई से कहासुनी के बाद युवती ने गौला नदी में लगाई छलांग,लोगों ने बचाई जान

हल्द्वानी (उद संवाददाता)। हल्द्वानी में बुधवार रात घरेलू कहासुनी के बाद एक 20 वर्षीय युवती ने चोरगलिया रोड स्थित गौला पुल से नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों की सतर्कता और तत्परता से उसकी जान बच गई। लोगों ने नदी में उतरकर युवती को बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार मूल रूप से ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र का रहने वाला एक परिवार करीब पांच दिन पहले हल्द्वानी के बनभूलपुरा थाना क्षेत्र स्थित इंदिरानगर छोटी रोड पर किराये के मकान में रहने आया था। बुधवार शाम परिवार की 20 वर्षीय युवती घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी अपने भाई से कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि भाई की बात से आहत होकर युवती गुस्से में घर से निकल गई। परिजनों ने शुरू में भाई बहन के बीच हुई नोकझोंक को सामान्य विवाद समझा और अधिक ध्यान नहीं दिया। इसी बीच युवती चोरगलिया रोड स्थित गौला पुल पहुंच गई। रात करीब आठ बजे उसने पुल से नदी में छलांग लगा दी। घटना को वहां मौजूद लोगों ने देख लिया और तुरंत शोर मचाते हुए अन्य लोगों को बुलाया। आसपास मौजूद लोगों ने बिना समय गंवाए नदी में उतरकर युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद उसे तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। समय रहते राहत मिलने से उसकी जान बच गई। घटना की सूचना पर बनभूलपुरा कोतवाली से उप निरीक्षक गगनदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ परिजनों से भी पूछताछ की। उप निरीक्षक गगनदीप सिंह ने बताया कि परिजनों के अनुसार युवती की अपने भाई से मामूली कहासुनी हुई थी, जिसके बाद उसने यह कदम उठा लिया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

नाले में डूबने से 12 वर्षीय बालक की मौत

नानकमत्ता(उद संवाददाता)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम प्रतापपुर नंबर-7 में नहाने के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई, जबकि उसके दो साथियों को समय रहते मछुआरों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस के अनुसार ग्राम प्रतापपुर नंबर-7 निवासी कमलजीत सिंह का 12 वर्षीय पुत्र जसवंत सिंह उर्फ हैप्पी अपने दो दोस्तों के साथ बीती शाम घर से करीब एक किलोमीटर दूर प्रवीन नदी से जुड़े एक नाले में नहाने गया था। नहाते समय तीनों बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। नाले के पास मौजूद महिलाओं ने बच्चों को डूबता देख शोर मचाया। शोर सुनकर पास में मछली पकड़ रहे मछुआरे तुरंत पानी में कूद गए। उन्होंने दो बच्चों को सकुशल बाहर निकाल लिया, लेकिन जसवंत सिंह उर्फ हैप्पी को नहीं बचाया जा सका और उसकी डूबने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक एवं चौकी प्रभारी राजेंद्र पंत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से रेस्क्यू अभियान चलाकर बच्चे के शव को पानी से बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *