August 13, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

मुख्यमंत्री ने श्रमिक परिवारों के लिए कल्याणकारी योजनाओं का किया शुभारंभ

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए पांच नई कल्याण कारी योजनाओं का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य योजना, मुख्यमंत्री पोषाहार योजना, मुख्यमंत्री स्वच्छता सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री शिक्षण सामग्री योजना तथा मुख्यमंत्री योग आरोग्य एवं वेलनेस योजना का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को किट वितरित की गई, जबकि मुख्यमंत्री पोषण, शिक्षण सामग्री, पोषाहार, आयुर्वेद एवं वेलनेस विकास योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों और श्रमिक परिवारों से संवाद किया तथा कहा कि राज्य के निर्माण में श्रमिकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। सरकार का दायित्व है कि श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिक केवल विकास कार्यों की आधारशिला नहीं हैं, बल्कि राज्य की प्रगति के निर्माता हैं। इसलिए सरकार उनके जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पोषण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि श्रमिक परिवारों के बच्चों को किसी भी संसाधन के अभाव में अपनी पढ़ाई या प्रतिभा से समझौता न करना पड़े। इसी उद्देश्य से शिक्षण सामग्री, पोषण, स्वास्थ्य, आयुर्वेद और योग आधारित योजनाओं को एकीकृत रूप से लागू किया जा रहा है, ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने श्रमिकों के कल्याण के लिए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने के साथ ही उनके बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं शुरू करना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के चयनित लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से किट प्रदान कीं तथा मुख्यमंत्री पोषण, शिक्षण सामग्री, पोषाहार, आयुर्वेद एवं वेलनेस विकास योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, विधायक सविता कपूर, विधायक दुर्गेश्वर लाल, राज्य मंत्री कैलाश पंत, राज्य मंत्री गीता रावत, मोहनी पोखरिया, प्रो- गोविंद सिंह, सचिव श्रम डॉ- श्रीधर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रमिक एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *