Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

पर्यटकों की टवेरा खाई में गिरी, दो गंभीर

नैनीताल। नैनीताल भ्रमण कर लखनऊ लौट रहे पर्यटकों का सफर गुरुवार सुबह दर्दनाक हादसे में बदल गया। ज्योलीकोट के पास उनकी टवेरा टैक्सी अनियंत्रित होकर करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार गोमतीनगर, लखनऊ निवासी सिद्धार्थ प्रताप सिंह (24), ििनखल त्रिपाठी (20), आदित्य त्रिपाठी (24), सिद्धांत सिंह (23), आदर्श मिश्रा (23) और ििनखलेंद्र सिंघल (23) नैनीताल घूमने आए थे। गुरुवार सुबह सभी पर्यटक हल्द्वानी निवासी चालक संग्राम सिंह के साथ टवेरा वाहन संख्या यूके 04 टीबी 3870 से काठगोदाम की ओर लौट रहे थे। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार ज्योलीकोट नंबर एक के आगे अचानक वाहन चालक का नियंत्रण टवेरा से हट गया और वाहन सड़क से नीचे करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद वाहन में सवार सभी लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व एसडीआरएफ को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। विषम परिस्थितियों के बीच सभी घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार हादसे में चालक संग्राम सिंह तथा पर्यटक ििनखलेंद्र सिंघल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को 108 एंबुलेंस से सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर किया गया है। जबकि अन्य पर्यटकों को भी चोटें आई हैं, जिनका प्राथमिक उपचार कराया गया।एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया वाहन के अनियंत्रित होने से हादसा होना सामने आया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *