सियासी मतभेद भुलवाकर विधायक शिव अरोड़ा और महापौर विकास शर्मा को गले मिलवाया
रुद्रपुर। विधायक शिव अरोड़ा और महापौर विकास शर्मा के बीच लंबे समय से चल रहे सियासी मतभेद को समाप्त कराने के लिए भाजपा संगठन ने पहल की है। पार्टी नेतृत्व ने दोनों नेताओं को देहरादून तलब कर अलग-अलग बातचीत की। इसके बाद दोनों को आमने-सामने बैठाकर आपसी गिले-शिकवे दूर कराने का प्रयास किया गया सूत्रों के अनुसार, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दोनों नेताओं को स्पष्ट रूप से संगठन और पार्टी हित को सर्वोपरि रखने की नसीहत दी। साथ ही भविष्य में आपसी मतभेदों को सार्वजनिक न करने और मिल-जुलकर काम करने के निर्देश दिए। बताया जा रहा है कि बैठक के दौरान दोनों नेताओं से आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं के बीच एकजुटता का संदेश देने पर भी जोर दिया गया। गौरतलब है कि विधायक शिव अरोड़ा और महापौर विकास शर्मा के बीच पिछले काफी समय से विभिन्न मुद्दों को लेकर तनातनी की चर्चा रही है। इससे पहले भी पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद अजय भट्ट ने दोनों नेताओं के बीच मध्यस्थता कर मतभेद दूर कराने का प्रयास किया था। उस समय कुछ समय के लिए स्थिति सामान्य भी हुई, लेकिन बाद में दोनों के बीच फिर से राजनीतिक खींचतान शुरू हो गई थी अब प्रदेश नेतृत्व के हस्तक्षेप के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि दोनों नेता संगठन के निर्देशों का पालन करते हुए आपसी मतभेद भुलाकर साथ काम करते हैं या फिर आने वाले दिनों में दोनों के बीच फिर से सियासी तल्खी देखने को मिलती है।
