August 30, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

विकसित उत्तराखंड की नींव बनेगी साइंस सिटीः धामी

मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों का लिया जायजा, वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों से किया संवाद
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून में निर्माणाधीन साइंस सिटी परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने उत्तराखण्ड साइंस टैक्नोलॉजी एण्ड इनोवेशन पॉलिसी 2026 पॉलिसी को भी लॉंच किया। साथ ही वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ संवाद कर परियोजना को और अधिक प्रभावी तथा जन उपयोगी बनाने के संबंध में सुझाव भी प्राप्त किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि साइंस सिटी केवल एक भवन नहीं, बल्कि उत्तराखंड में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और अनुसंधान की नई संस्कृति विकसित करने का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी।सरकार विज्ञान और प्रौद्योगिकी आधारित विकास को प्राथमिकता देते हुए भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप मजबूत आधार तैयार कर रही है। संवाद कार्यक्रम में वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों ने विज्ञान शिक्षा को अधिक व्यवहारिक बनाने, विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने, नवाचार आधारित स्टार्टअप को प्रोत्साहन देने,आधुनिक प्रयोग शालाओंकी स्थापना, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिक्स, अंतरिक्ष विज्ञान, जैव प्रौद्योगिकी और जलवायु परिवर्तन जैसे विषयों को साइंस सिटी से जोड़ने सहित अनेक महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि विशेषज्ञों के अनुभवों को परियोजना के विकास में शामिल किया जाएगा ताकि साइंस सिटी राष्ट्रीय स्तर की आधुनिक विज्ञान संस्था के रूप में विकसित हो सके। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा उत्तराखंड भी इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नई विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार नीति के माध्यम से राज्य में अनुसंधान, तकनीकी विकास, स्टार्टअप और नवाचार के लिए बेहतर वातावरण तैयार किया जा रहा है। साइंस सिटी विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और आम लोगों के लिए विज्ञान को सरल, रोचक और उपयोगी बनाने का माध्यम बनेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि साइंस सिटी में ऐसे आधुनिक विज्ञान मॉडल, इंटरएक्टिव प्रदर्शनी, नवाचार केंद्र और अनुसंधान सुविधाएं विकसित की जाएं, जिससे नई पीढ़ी विज्ञान के प्रति आकर्षित हो और उत्तराखंड ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था की दिशा में तेजी से आगे बढ़ सके। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्र, विधायक सहदेव पुंडीर, यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सचिव नितेश झा, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार प्रो. गोविंद सिंह, विभिन्न विभागों के अध्यक्ष, विश्वविद्यालयों के कुलपति, वैज्ञानिक, शोधकर्ता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि तथा अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *