पति से कहासुनी के बाद महिला ने मासूम संग गंगनहर में लगाई छलांग
रुड़की (उद संवाददाता)। गंगनहर में एक महिला ने पति से विवाद के बाद अपनी एक वर्षीय बेटी के साथ गंगनहर में छलांग लगा दी। एसडीआरएफ दोनों की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार कोटा मुरादनगर थाना कलियर निवासी 35 वर्षीय अर्जुन अपनी पत्नी सविता, एक वर्षीय बेटी नोनी और चार वर्षीय पुत्र नक्श के साथ मोटरसाइकिल से गांव रायपुर दरेड़ा स्थित ससुराल जा रहा था। जब परिवार दौलतपुर के पास पहुंचा तो रास्ते में पति पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि अर्जुन की मां देहरादून के एक अस्पताल में भर्ती हैं और वह उनसे मिलने जाना चाहता था, जबकि उसकी पत्नी पहले मायके छोड़ने की जिद कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर सविता ने अर्जुन से मोटरसाइकिल रोकने को कहा। जैसे ही अर्जुन ने बाइक रोकी, सविता अपनी एक वर्षीय बेटी नोनी को गोद में लेकर तेजी से गंगनहर की ओर दौड़ी और देखते ही देखते नहर में छलांग लगा दी। घटना के बाद अर्जुन और उसका चार वर्षीय बेटा शोर मचाने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और महिला व बच्ची की तलाश के लिए गंगनहर में सर्च अभियान शुरू किया, जो समाचार लिखे जाने तक जारी था। क्षेत्रधिकारी संजय चौहान ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम लगातार महिला और बच्ची की तलाश कर रही है। साथ ही परिजनों से पूछताछ कर घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार अर्जुन एल्यूमीनियम स्ट्रक्चर बनाने का काम करता है। उसका विवाह वर्ष 2021 में सविता के साथ हुआ था।
